चौसा नगर पंचायत बोर्ड बैठक में विकास योजनाओं को मिली हरी झंडी, नल-जल व्यवस्था सुधारने का बना खाका

WhatsApp Channel Join Now
चौसा नगर पंचायत बोर्ड बैठक में विकास योजनाओं को मिली हरी झंडी, नल-जल व्यवस्था सुधारने का बना खाका


बक्सर, 28 जुलाई (हि.स.)। चौसा नगर पंचायत कार्यालय में मंगलवार को नगर पंचायत अध्यक्ष किरण देवी की अध्यक्षता में सशक्त एवं सामान्य बोर्ड की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में नगर क्षेत्र के विकास कार्यों, पेयजल व्यवस्था और विभिन्न प्रशासनिक विषयों पर विस्तृत चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। बैठक का संचालन कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी ने किया।

बैठक की शुरुआत पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि के साथ हुई। इसके बाद नगर में जर्जर हो चुकी नल-जल योजनाओं को व्यवस्थित करने के लिए नया कार्ययोजना तैयार करने का निर्णय लिया गया। जिन वार्डों में पेयजल की समस्या अधिक है, वहां प्राथमिकता के आधार पर नए वाटर स्टैंड पोस्ट स्थापित किए जाएंगे, ताकि लोगों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध हो सके।

मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना के अंतर्गत चार प्रमुख सड़क एवं नाला निर्माण योजनाओं को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इनमें वार्ड संख्या-4 में नगर पंचायत कार्यालय से स्टेशन रोड तक पीसीसी सड़क एवं नाला निर्माण, शेरशाहगढ़ से कर्मनाशा नदी तक सड़क व नाला निर्माण, वार्ड 11 एवं 13 में मंटू राइस मिल से कनक नारायणपुर मध्य विद्यालय तक पीसीसी सड़क निर्माण तथा वार्ड-12 में बक्सर-सासाराम मुख्य पथ से अखौरीपुर मध्य विद्यालय तक पीसीसी सड़क, नाला एवं स्लैब निर्माण कार्य शामिल हैं।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 की सैरात बंदोबस्ती, नगर में लगे सीसीटीवी कैमरों के विस्तार एवं मरम्मत, होल्डिंग एवं विज्ञापन एजेंसी के चयन, जलकर वसूली व्यवस्था तथा नल-जल योजनाओं के प्रभावी संचालन पर भी विचार-विमर्श किया गया। नगर विकास एवं आवास विभाग के निर्देशानुसार ₹15 लाख तक की विभागीय योजनाओं के निष्पादन पर भी बोर्ड ने अपनी सहमति प्रदान की।

इसके अलावा नगर क्षेत्र में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने तथा आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अध्यक्ष किरण देवी ने कहा कि नगरवासियों को बेहतर सड़क, स्वच्छ पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पंचायत की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

वहीं कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी ने बताया कि बैठक में लिए गए सभी निर्णयों को जल्द धरातल पर उतारने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

बैठक में उप मुख्य पार्षद सरिता देवी, हृदय नारायण सिंह, छोटे लाल चौधरी, रंजू कुमारी, दिनेश यादव, ललिता देवी, शैल देवी, नयनतारा देवी, चंदन चौधरी, साजिदा, पार्वती देवी, आनंद कुमार रावत, स्वच्छता पदाधिकारी मो. अरशद हैदर नकवी, प्रधान लिपिक सत्य प्रकाश सहित सभी वार्ड पार्षद एवं नगर पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

Share this story