हंगामेदार रही नगर निगम बोर्ड की बैठक
भागलपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। भागलपुर नगर निगम के सामान्य बोर्ड की बैठक शनिवार को हंगामेदार माहौल में संपन्न हुई। बैठक की शुरुआत से ही पार्षदों में नाराजगी देखने को मिली। बैठक में देरी को लेकर पार्षदों ने मेयर डॉ. वसुंधरा लाल और डिप्टी मेयर के खिलाफ अपना आक्रोश जताया। इस दौरान कई बार सदन का माहौल गरमा गया और शोर-शराबा होता रहा। वार्ड संख्या 20 के पार्षद शांडिल्य नन्दिकेश ने ढेबर गेट क्षेत्र के विकास का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस इलाके की लंबे समय से अनदेखी की जा रही है।
नाराजगी जताते हुए उन्होंने यहां तक कह दिया कि अगर जल्द विकास कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे अपने पद से इस्तीफा देने को मजबूर होंगे। वहीं वार्ड 13 के पार्षद रंजीत यादव से जुड़े विवाद ने भी बैठक का माहौल और अधिक तनावपूर्ण बना दिया। इस मुद्दे को लेकर अन्य पार्षदों ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी और सदन में तीखी बहस शुरू हो गई। आरोप-प्रत्यारोप के बीच कई बार स्थिति नियंत्रण से बाहर होती दिखी।
बैठक के दौरान प्याऊ योजना, स्मार्ट सिटी परियोजना और शहर के दक्षिणी क्षेत्र के विकास जैसे अहम मुद्दे भी उठाए गए। कुछ पार्षदों ने नगर निगम के कार्यालय अधीक्षक की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए प्रशासनिक सुधार की मांग की। अंततः नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा ने हस्तक्षेप करते हुए स्थिति को संभाला। उन्होंने शहर में साफ-सफाई को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी पार्षदों से सहयोग की अपील की। उनके हस्तक्षेप के बाद माहौल धीरे-धीरे शांत हुआ और बैठक आगे बढ़ सकी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

