नगर निगम बोर्ड की बैठक में बजट और स्ट्रीट लाइट के प्रस्तावों को मिली पूर्ण बहुमत से संपुष्टि
सारण, 17 जून (हि.स.)। छपरा नगर निगम कार्यालय में आज बोर्ड की बैठक आहुत की गई, जिसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में महापौर लक्ष्मी नारायण गुप्ता, उपमहापौर रागिनी कुमारी और नगर आयुक्त रंजीत कुमार के साथ सभी पार्षद एवं निगम के पदाधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
सर्वसम्मति से बैठक की शुरुआत पिछली बैठक के निर्णयों की संपुष्टि के साथ हुई। इसके बाद, वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को पूरे सदन ने पूर्ण बहुमत से पारित कर दिया। बैठक के दौरान पार्षद सुजीत कुमार मोर ने शहर के विकास के लिए एक प्रस्ताव रखा। उन्होंने हाई मास्क लाइट के अतिरिक्त सभी वार्डों में 5-5 मिनी मास्क लाइट और 100-100 स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की।
इस प्रस्ताव का सभी सदस्यों ने मेज थपथपाकर स्वागत किया और इसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। इस बैठक में बजट, पिछली कार्यवाही और प्रकाश व्यवस्था सहित सभी प्रमुख एजेंडों की संपुष्टि कर दी गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

