मेरा युवा भारत के तत्वावधान में ‘संडे ऑन साइकिल’ रैली का आयोजन, पूर्व उपमुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी
कटिहार, 29 नवंबर (हि.स.)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की राष्ट्रव्यापी पहल के अंतर्गत ‘मेरा युवा भारत’, कटिहार द्वारा रविवार को ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। समाहरणालय परिसर से आयोजित इस साइकिल रैली को मुख्य अतिथि पूर्व उपमुख्यमंत्री सह सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में करीब 100 युवा खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शारीरिक स्वस्थता, खेल संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
समाहरणालय से प्रारंभ हुई यह साइकिल रैली अंबेडकर चौक एवं हनुमान मंदिर होते हुए खेल भवन पहुंचकर संपन्न हुई। जिला युवा अधिकारी (मेरा युवा भारत, कटिहार) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मंत्रालय द्वारा संचालित दो वर्षीय ‘नशामुक्त युवा – विकसित भारत’ अभियान के ग्यारहवें सप्ताह के अंतर्गत यह गतिविधि आयोजित की गई। इसके माध्यम से युवाओं से नशे से दूर रहने, नियमित व्यायाम व खेलों को दिनचर्या में शामिल करने और पर्यावरण अनुकूल परिवहन अपनाने की अपील की गई।
जिला प्रशासन, खेल विभाग एवं स्थानीय खेल संगठनों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि वूमेन सपोर्ट संस्था के सचिव बबन झा, खेल प्रशिक्षक प्रवीण कुमार यादव व सुनील कुमार के साथ-साथ कुश्ती संघ एवं मुक्केबाजी संघ के प्रतिनिधियों व सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

