संगीत शिक्षक छात्रों को गायन-वादन में दक्ष बनाएं : डीईओ

WhatsApp Channel Join Now
संगीत शिक्षक छात्रों को गायन-वादन में दक्ष बनाएं : डीईओ


सुपौल, 27 अक्टूबर (हि.स.)। कला उत्सव की तैयारी की समीक्षा को लेकर मंगलवार को जिला शिक्षा कार्यालय के एसएसए सभागार में संगीत शिक्षकों की बैठक आयोजित की गई। संगीत शिक्षकों को संबोधित करते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) संग्राम सिंह ने छात्रों को गायन व वादन में दक्ष बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अब जिले के सभी सरकारी स्कूलों में संगीत वाद्य उपलब्ध है। इसका बेहतर उपयोग होना चाहिए। छात्र- छात्राओं को संगीत गायन व वादन की समुचित शिक्षा देना संगीत शिक्षकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्कूली शिक्षा में संगीत का महत्वपूर्ण स्थान है। यह केवल मनोरंजन का साधन नहीं बल्कि बच्चों के मानसिक, बौद्धिक और भावनात्मक विकास की नींव है। उन्होंने कला उत्सव प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभाशाली छात्र- छात्राओं का चयन करने का निर्देश दिया। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (एसएसए) मणिभूषण कुमार ने संगीत शिक्षकों को पोषक क्षेत्र के स्कूलों में संगीत में रुचि रखने वाले छात्र-छात्राओं का समूह तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संगीत गतिविधियों के माध्यम से छात्रों की शिक्षा गुणवत्ता को बेहतर बनाया जा सकता है। मंच पर प्रस्तुति देने या साथ मिलकर अभ्यास करने से बच्चों में टीम वर्क, अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास होगा। बैठक में संयोजक नन्दलाल पासवान सहित कई हाईस्कूल के संगीत व ललित कला के शिक्षक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767930 Articles

Share this story