शीतलपुर में सो रही बुजुर्ग महिला की हत्या
सारण, 12 जून (हि.स.)। दाउदपुर थाना क्षेत्र के शीतलपुर गांव वार्ड नंबर 3 में देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जहां घर के बाहर कोठरी में सो रही 76 वर्षीय लकवाग्रस्त बुजुर्ग महिला, रुक्मिना देवी की बदमाशों ने हत्या कर दी।
मृतका की पुत्रवधू दुर्गावती देवी ने बताया कि इस घटना को लूटपाट की नीयत से अंजाम दिया गया है। हत्यारों ने बुजुर्ग महिला के नाक और कान के गहने नोंच लिए, जिससे उनकी आँखें भी गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। हालांकि दाउदपुर थाना प्रभारी ने प्रारंभिक तौर पर लूटपाट की बात से इनकार करते हुए हत्या की पुष्टि की है।
इस सनसनीखेज मामले में नया मोड़ तब आया, जब बिस्तर पर छूटे अपने मोबाइल और चप्पल को ढूंढते हुए एक शराबी युवक वापस घटनास्थल पर पहुँच गया। ग्रामीणों ने शक के आधार पर फौरन उसे दबोच लिया और जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही दाउदपुर थाना प्रभारी दल-बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुँचे और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और बरामद मोबाइल के आधार पर हिरासत में लिए गए संदिग्ध युवक से पूछताछ कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

