डीजे संचालक दुर्गेश के हत्या का खुलासा, पैसे के विवाद में दोस्तों ने ही शराब पिलाकर मार डाला

WhatsApp Channel Join Now
डीजे संचालक दुर्गेश के हत्या का खुलासा, पैसे के विवाद में दोस्तों ने ही शराब पिलाकर मार डाला


भागलपुर, 06 नवंबर (हि.स.)। जिले के अकबरनगर थाना क्षेत्र के गौरीपुर गांव के 18 वर्षीय डीजे संचालक दुर्गेश कुमार हत्याकांड का पुलिस ने पूरी तरह से खुलासा कर दिया है। विधि-व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार ने शुक्रवार को एक प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि इस सनसनीखेज हत्याकांड को पैसे के लेनदेन के विवाद में अंजाम दिया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में नामजद दो आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया है।

डीएसपी नवनीत कुमार ने बताया कि घटना वाले दिन आरोपियों ने दुर्गेश को बहला-फुसलाकर उसके घर से बुलाया था। इसके बाद सभी ने मिलकर पहले उसे शराब पिलाई। जब दुर्गेश नशे की हालत में आ गया, तो आरोपियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। साक्ष्य छुपाने की नीयत से आरोपियों ने दुर्गेश के शव को भवनाथपुर बगीचा के पास स्थित झाड़ियों में फेंक दिया था।

डीएसपी ने बताया कि दुर्गेश की गुमशुदगी और बाद में शव मिलने के बाद मृतक के परिजनों के आवेदन पर उसके तीन दोस्तों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने छापेमारी कर नामजद अभियुक्तों में से दो—अभिषेक और दिलखुश को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में शामिल तीसरे फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773680 Articles

Share this story