नवगछिया में एक व्यक्ति की हत्या, छानबीन में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
नवगछिया में एक व्यक्ति की हत्या, छानबीन में जुटी पुलिस


भागलपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। जिले के नवगछिया थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान पूर्णिया जिला के सपाहा डुमरी निवासी कैलाश सिंह के रूप में हुई है, जो शादी के बाद से अपने ससुराल रंगरा प्रखंड के साधोपुर गांव में रह रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही नवगछिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। परिजन के अनुसार कैलाश सिंह घर से निकला था। बताया जा रहा है कि वह शराब के नशे में था और पत्नी से यह कहकर निकला था कि वह नवगछिया जा रहा है। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। सुबह उसका शव बरामद किया गया। मृतक के शरीर पर कई जगह गंभीर जख्म पाए गए हैं। हाथ में तीन जगह कट के निशान, कलाई और हथेली पर चार घाव, सिर पर चोट, बाएं कंधे पर बड़ा जख्म और पेट चीरा हुआ था। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हमलावरों ने बेरहमी से धारदार हथियार से वार किया। हैरानी की बात यह है कि मृतक के पास से रुपए और मोबाइल बरामद हुए हैं, जिससे लूटपाट की आशंका कम जताई जा रही है।

वहीं, मृतक के कपड़े भी अस्त-व्यस्त अवस्था में पाए गए हैं। परिजन का कहना है कि कैलाश सिंह का किसी से कोई स्पष्ट विवाद नहीं था, हालांकि पुलिस आपसी रंजिश समेत अन्य सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी, पांच बेटियां और एक बेटा है। उसकी शादी को करीब 12 वर्ष हो चुके थे। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में भय का माहौल बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story