जमीन विवाद में हत्या, छानबीन में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
जमीन विवाद में हत्या, छानबीन में जुटी पुलिस


जमीन विवाद में हत्या, छानबीन में जुटी पुलिस


भागलपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। जिले में जमीन विवाद ने एक बार फिर खून के रिश्ते को शर्मसार कर दिया। बबरगंज थाना क्षेत्र के अलीगंज महेशपुर स्थित कबीर आश्रम के पास शनिवार की सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका दहल उठा। यहां अपराधियों ने नंदलाल यादव उर्फ नंदू यादव की गोली मारकर हत्या कर दी।

मृतक की पत्नी ने अपने ही देवर शंभू यादव पर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मिली जानकारी के अनुसार, नंदलाल यादव शनिवार की सुबह अपने घर से चाय पीने के लिए पास की दुकान पर जा रहे थे।

इसी दौरान घर से महज 50 मीटर की दूरी पर घात लगाए हमलावर ने उन पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दीं। गोली सिर और पेट में लगने से नंदलाल यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।

घटना की सूचना मिलते ही मुख्यालय डीएसपी मोहम्मद अयूब, बबरगंज, मोजाहिदपुर और हबीबपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पत्नी झूना देवी ने अपने देवर शंभू यादव पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है।

उनका कहना है कि गोली चलने की आवाज सुनकर जब वह घर से बाहर दौड़ीं तो उन्होंने शंभू यादव को गोली मारकर भागते हुए देखा। झूना देवी के मुताबिक, दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।

उन्होंने आरोप लगाया कि शंभू यादव इससे पहले भी उनके पति की हत्या की कोशिश कर चुका था। इस संबंध में थाने में आवेदन भी दिया गया था, लेकिन उनके अनुसार पुलिस की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। पत्नी ने यह भी दावा किया कि उनके पति ने शंभू यादव को सात लाख रुपये कर्ज दिए थे।

इधर, घटना को लेकर मुख्यालय डीएसपी मोहम्मद अयूब ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की पत्नी की ओर से लगाए गए आरोपों के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल इस सनसनीखेज हत्याकांड में पत्नी के आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776798 Articles

Share this story