नंदन यादव मर्डर केस: कटिहार में एसटीएफ के हत्थे चढ़ा मुख्य नामजद संजय यादव, वारदात में प्रयुक्त हथियार भी जब्त
कटिहार, 04 अक्टूबर (हि.स.)। कटिहार पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चर्चित नंदन यादव हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले के मुख्य नामजद अभियुक्त संजय कुमार यादव उर्फ डिपो (38) को चांदपुर स्थित बहियार से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई एक पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) कटिहार के निर्देश पर मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सदर-02 के नेतृत्व में पोठिया थानाध्यक्ष और एसटीएफ को मिलाकर एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था। गठित टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान व गुप्त मानवीय सूचना के आधार पर शनिवार (03 अक्टूबर) को घेराबंदी कर अभियुक्त को चांदपुर बहियार से गिरफ्तार किया।
मचान पर सोते समय सिर में मारी थी गोली
गौरतलब है कि बीते 16 सितंबर 2026 की अहले सुबह करीब 5:00 बजे पोठिया थाना क्षेत्र के चांदपुर (वार्ड संख्या-01) निवासी नंदन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना को लेकर मृतक की पत्नी रंभा देवी ने कड़वा थाना में कांड संख्या-239/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई थी। वादिनी के अनुसार, उनके पति 15 सितंबर की रात खाना खाकर घर के बाहर मचान पर सोए थे। सुबह गोली की आवाज सुनकर जब वह बाहर निकलीं, तो देखा कि नंदन यादव के सिर में गोली लगी थी और काफी खून बह रहा था। उसी दौरान उन्होंने संजय कुमार यादव को हाथ में पिस्टल लिए अरुण यादव और नूतन देवी के साथ भागते देखा था।
पूर्व के भूमि विवाद में की गई थी हत्या
प्राथमिकी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पूर्व से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था, जिसको लेकर संजय यादव अक्सर नंदन यादव को जान से मारने की धमकी दिया करता था। पुलिस के अनुसार मुख्य अभियुक्त की गिरफ्तारी और हथियार की बरामदगी के बाद मामले में अग्रतर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

