हत्याकांड का तीन मुख्य आरोपित गिरफ्तार, देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद

WhatsApp Channel Join Now
हत्याकांड का तीन मुख्य आरोपित गिरफ्तार, देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद


भागलपुर, 10 जून (हि.स.)। जिले के सबौर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित हत्याकांड का खुलासा करते हुए भागलपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में शामिल तीन मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है। उक्त आशय की जानकारी सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने बुधवार को दी।

सिटी एसपी ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर के निर्देश पर जिले में वांछित अपराधियों, अवैध शराब, हथियार एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सबौर थाना को सूचना मिली कि आर्य टोला, इंजीनियरिंग कॉलेज रोड पर अज्ञात अपराधियों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल निराला यादव, पिता स्व. लक्ष्मण यादव, निवासी गोपालपुर, को इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज) भेजा गया। जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के पुत्र रोहित कुमार के बयान पर सबौर थाना मे केस दर्ज कर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ अनुसंधान शुरू किया गया वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज और मानव स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने इस हत्याकांड में संलिप्त तीन अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में बहादुर कुमार, पांडव कुमार और अजय मंडल उर्फ छंगुरी मंडल शामिल हैं। तीनों आरोपी बाबूपुर, थाना सबौर, जिला भागलपुर के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस आगे की विधि सम्मत कार्रवाई में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story