पर्व-त्योहार पर यात्रियों को राहत: मुंबई-कटिहार स्पेशल ट्रेन के बढ़े फेरे, एनएफआर ने की घोषणा

WhatsApp Channel Join Now
पर्व-त्योहार पर यात्रियों को राहत: मुंबई-कटिहार स्पेशल ट्रेन के बढ़े फेरे, एनएफआर ने की घोषणा


कटिहार, 04 सितंबर (हि.स.)। आगामी त्योहारी सीजन में यात्रियों की संभावित भीड़ और उनकी सुगम यात्रा को ध्यान में रखते हुए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने मुंबई सेंट्रल–कटिहार–मुंबई सेंट्रल फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन की सेवा का विस्तार करने का निर्णय लिया है। इस फैसले से दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान मुंबई से कटिहार व सीमांचल क्षेत्र आने-जाने वाले प्रवासियों और स्थानीय यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। यह स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं से सात-सात अतिरिक्त फेरे लगाएगी।

इसकी आधिकारिक जानकारी पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि त्योहारी मौसम में यात्रियों को यात्रा का अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराने और ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम करने के उद्देश्य से रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ाने का फैसला किया है।

विस्तारित समय-सारणी के अनुसार, गाड़ी संख्या 09190 कटिहार–मुंबई सेंट्रल फेस्टिवल स्पेशल कटिहार से 8 एवं 15 सितंबर, 20 एवं 27 अक्टूबर तथा 3, 10 एवं 17 नवंबर 2026 को कुल 7 अतिरिक्त फेरों के लिए रवाना होगी। वहीं वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 09189 मुंबई सेंट्रल–कटिहार फेस्टिवल स्पेशल मुंबई सेंट्रल से 5 एवं 12 सितंबर, 17, 24 एवं 31 अक्टूबर तथा 7 एवं 14 नवंबर 2026 को कटिहार के लिए 7 अतिरिक्त फेरों के साथ संचालित की जाएगी।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, यह ट्रेन अपनी पूर्व निर्धारित मौजूदा सेवा अनुसूची, समय, ठहराव और कोचों की संख्या के अनुसार ही चलेगी। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि एनएफआर ने कानपुर सेंट्रल–गुवाहाटी स्पेशल ट्रेन (04127/04128) के भी दोनों ओर से 14-14 अतिरिक्त फेरे बढ़ाए हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट या पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर समय व ठहराव से संबंधित अद्यतन जानकारी अवश्य जांच लें।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story