मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वामनेश्वर मंदिर में की पूजा-अर्चना, कहा—बक्सर को विकास की नई राह से जोड़ने का काम जारी
बक्सर, 23 सितंबर (हि.स.)। वामन द्वादशी के पावन अवसर पर बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बक्सर पहुंचे और केंद्रीय कारा परिसर स्थित भगवान वामनेश्वर मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। पंडित मुक्तेश्वर नाथ शास्त्री ने मुख्यमंत्री की पूजा संपन्न करायी।
पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे बिहार को आशीर्वाद बक्सर की धरती से मिले, यही कामना लेकर वे भगवान वामन का आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं। उन्होंने बक्सर की समृद्धि और विकास की कामना की।
मुख्यमंत्री ने बक्सर के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बक्सर से कोईलवर तक चार लेन सड़क का निर्माण शुरू हो चुका है। इसे विश्वामित्र पथ के नाम से विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा बक्सर से भागलपुर तक हरित क्षेत्र मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है। इससे बक्सर, आरा, अरवल सहित कई जिलों को बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि बक्सर को विभिन्न क्षेत्रों से जोड़ने के लिए संपर्क मार्गों का विस्तार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर करीब 12:20 बजे बक्सर के अड्डा मैदान पहुंचे। हेलीकॉप्टर के उतरते ही वहां मौजूद समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला श्रीवामनेश्वर मंदिर के लिए रवाना हुआ। मंदिर के बाहर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मुख्यमंत्री के आगमन और दर्शन की प्रतीक्षा में मौजूद थे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत सीमित संख्या में पासधारी लोगों को ही मंदिर परिसर के भीतर प्रवेश की अनुमति दी गई थी।
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री बाहर निकले तो उन्होंने कार्यकर्ताओं से संक्षिप्त संवाद किया। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने मुख्य रूप से बक्सर के विकास और आगामी संपर्क परियोजनाओं की चर्चा की। मुख्यमंत्री का काफिला इसके बाद चुरामनपुर के लिए रवाना हुआ, जहां उन्होंने जीविका दीदियों से संवाद किया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे अहिरौली मैदान से हेलीकॉप्टर द्वारा पटना के लिए रवाना हो गए।
इधर, मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पिछले कई दिनों से जिला और पुलिस प्रशासन तैयारियों में जुटा था। सुरक्षा, यातायात और कार्यक्रम स्थलों पर व्यवस्था को लेकर अधिकारियों की लगातार निगरानी रही। हालांकि वामन द्वादशी पर दूर-दराज से रात में ही बक्सर पहुंची महिला श्रद्धालुओं को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के कारण कुछ परेशानी का सामना करना पड़ा।
श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद वामन भगवान के दर्शन-पूजन के लिए कतार लगा बैठी रही। सुबह करीब नौ से दस बजे तक महिलाओं को क्रमवार पूजा-अर्चना कराई गई, लेकिन मुख्यमंत्री के आगमन से लगभग दो घंटे पहले मंदिर का प्रवेश द्वार बंद कर दिया गया। इसके बाद केवल निर्धारित पास वाले लोगों को ही अंदर जाने की अनुमति रही।
वामन द्वादशी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी थी। मुख्यमंत्री का दौरा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न हुआ और पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने बक्सर के विकास को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

