मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन को लेकर बक्सर आज हाई अलर्ट पर
बक्सर, 22 सितंबर (हि.स.)।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 23 सितंबर को प्रस्तावित बक्सर दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली हैं। समाहरणालय की ओर से जारी संयुक्त प्रतिनियुक्ति आदेश में मुख्यमंत्री के पूरे भ्रमण कार्यक्रम, सुरक्षा व्यवस्था, काफिले, यातायात नियंत्रण तथा दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती का विस्तृत खाका जारी किया गया है। मुख्यमंत्री को प्राप्त 'जेड प्लस' सुरक्षा के मद्देनजर पूरे शहर को सुरक्षा घेरे में तब्दील कर दिया गया है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 12:00 बजे पटना हवाई अड्डे से हेलीकॉप्टर द्वारा बक्सर के लिए प्रस्थान करेंगे तथा 12:20 बजे बक्सर हवाई अड्डा (हेलीपैड) पहुंचेंगे। यहां से 12:25 बजे सड़क मार्ग से वामन भगवान मंदिर के लिए रवाना होंगे। 12:30 बजे से 12:50 बजे तक वामन भगवान मंदिर में पूजा-अर्चना का कार्यक्रम निर्धारित है।
इसके बाद 12:50 बजे मुख्यमंत्री चुरामनपुर स्थित पंचायत सरकार भवन के लिए रवाना होंगे। इस दौरान मार्ग में सोन नहर कैनाल का निरीक्षण करते हुए आगे बढ़ेंगे। दोपहर 1:00 बजे पंचायत सरकार भवन पहुंचने के बाद 1:00 बजे से 1:20 बजे तक जीविका भवन का निरीक्षण, कहानी बदलाव के तहत स्थानीय लाभुकों से संवाद, जीविका दीदियों से मुलाकात, विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन तथा कैनाल परियोजना के थ्री-डी मॉडल एवं प्रस्तुतीकरण का निरीक्षण करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री 1:20 बजे सड़क मार्ग से अहिरौली स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय के लिए रवाना होंगे। 1:25 बजे कार्यालय पहुंचने के बाद 1:25 बजे से 1:35 बजे तक पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इसके उपरांत 1:35 बजे सरस्वती विद्या मंदिर स्थित हेलीपैड के लिए प्रस्थान करेंगे और 1:40 बजे हेलीकॉप्टर से पटना के लिए रवाना हो जाएंगे।
मुख्यमंत्री के पूरे भ्रमण मार्ग को कई सुरक्षा सेक्टरों में विभाजित किया गया है। बक्सर हवाई अड्डा, वामन भगवान मंदिर परिसर, नहर रोड, ज्योति चौक, सिंडिकेट मोड़, गोलंबर, चुरामनपुर पंचायत सरकार भवन, भाजपा कार्यालय अहिरौली तथा सरस्वती विद्या मंदिर हेलीपैड सहित सभी प्रमुख स्थलों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं भारी संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। काफिले के मार्ग पर यातायात नियंत्रण, बैरिकेडिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी, प्रवेश नियंत्रण और प्रत्येक गतिविधि पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को अपने-अपने तैनाती स्थल पर समय से उपस्थित रहकर समन्वय के साथ दायित्व निभाने का निर्देश दिया गया है। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क रहेंगी और शहर में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

