मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से बदली तस्वीर, सिलाई और नाश्ते की दुकान से आत्मनिर्भर बनीं जीविका दीदियां

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से बदली तस्वीर, सिलाई और नाश्ते की दुकान से आत्मनिर्भर बनीं जीविका दीदियां


किशनगंज, 24 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना ग्रामीण महिलाओं के लिए स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता का माध्यम बन रही है।

पोठिया प्रखंड की मिर्जापुर पंचायत की लालमनी देवी और अधिका कुमारी ने योजना के तहत मिली 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि से अपना काम शुरू किया है। एक ने सिलाई मशीन खरीदकर सिलाई का काम शुरू किया, जबकि दूसरी चाट, चाउमीन और मोमो की दुकान संचालित कर परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही हैं।

मिर्जापुर पंचायत निवासी लालमनी देवी, पति दाना लाल सिंह, सीता जीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं। उनका समूह सूरज जीविका महिला ग्राम संगठन और संस्कार संकुल संघ से संबद्ध है। लालमनी को पहले से कपड़े सिलने का हुनर था, लेकिन मशीन खरीदने के लिए पैसे नहीं थे। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत मिली 10 हजार रुपये की राशि से उन्होंने सिलाई मशीन खरीदी और घर से ही काम शुरू कर दिया।

लालमनी आसपास के गांव और पंचायत के लोगों के कपड़े सिलती हैं। इससे उन्हें प्रतिमाह करीब छह से आठ हजार रुपये तक की आमदनी हो रही है। अब वह आगे कपड़े की दुकान खोलने की योजना बना रही हैं, जहां सिलाई के साथ कपड़ों की बिक्री भी कर सकें। उनका कहना है कि जीविका से जुड़ने और योजना का लाभ मिलने से हुनर को आमदनी का जरिया बनाने का अवसर मिला है।

नियमित आय से आत्मविश्वास भी बढ़ा है। वहीं, पोठिया प्रखंड की अधिका कुमारी ने योजना की सहायता राशि से घर के पास चाट, चाउमीन और मोमो की दुकान शुरू की है। कमल जीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़ी अधिका बताती हैं कि दुकान पर रोजाना करीब एक हजार रुपये तक की बिक्री हो जाती है। पहले आर्थिक तंगी के कारण स्वरोजगार शुरू नहीं कर पा रही थीं। योजना से मिली सहायता ने उनके लिए नई राह खोली।

अधिका के अनुसार, दुकान से होने वाली नियमित आमदनी से परिवार के भरण-पोषण के साथ बच्चों की पढ़ाई-लिखाई में भी मदद मिल रही है।

अब मजदूरी के लिए भटकना नहीं पड़ता। दोनों महिलाओं की सफलता यह बताती है कि आर्थिक सहायता और जीविका समूह से जुड़ाव ग्रामीण महिलाओं को अपने हुनर के बूते आत्मनिर्भर बनने का अवसर दे रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story