मुफस्सिल थाना पुलिस ने अंतरजिला चोर गिरोह के दो सदस्य को किया गिरफ्तार आभूषण, हथियार और गाड़ियां की जब्त

WhatsApp Channel Join Now
मुफस्सिल थाना पुलिस ने अंतरजिला चोर गिरोह के दो सदस्य को किया गिरफ्तार आभूषण, हथियार और गाड़ियां की जब्त


सारण, 13 अगस्त (हि.स.)। पुलिस विशेष अभियान के तहत मुफस्सिल थाना ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक अंतरजिला संगठित चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। मौके से गिरोह के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया, जबकि उनके अन्य सहयोगी भागने में सफल रहे। पुलिस ने आरोपितों के पास से भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, चोरी के औजार और वाहन बरामद किए हैं।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित विष्णुपुरा पुल के नीचे एक काले रंग की स्कॉर्पियो और कार में सवार कुछ अपराधी चोरी के सोने-चांदी के गहनों की खरीद-बिक्री के लिए इकट्ठा हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने दो लोगों को पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपितों की पहचान दरियापुर थाना क्षेत्र के टंडवा मगरपाल निवासी राहुल कुमार और दिघवारा थाना क्षेत्र के शीतलपुर पीरगंज निवासी मुन्ना कुमार के रूप में हुई है।

पूछताछ क्रम में राहुल कुमार ने खुलासा किया कि उनका गिरोह विभिन्न जिलों में सुनसान व बंद पड़े मकानों को निशाना बनाता था। चोरी किए गए गहनों को सोनारों के जरिए बेचकर रकम आपस में बांट ली जाती थी।

पहचान छिपाने के लिए वे वाहनों पर घिसे हुए या फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल करते थे ताकि सीसीटीवी कैमरों से बच सकें। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से 99,000 रुपए नगद, सोने का कंगन, तीन सोने की चैन, तीन मंगलसूत्र, हार, लॉकेट, झुमका, कमरधनी, सात जोड़े चांदी की पायल, सिकड़ी, बाजूबंद और सिक्के जप्त किया।

साथ ही साथ एक स्कॉर्पियो, घिसा हुआ नंबर प्लेट, हथौड़ा, छेनी, पेचकस, एक आईफोन, दो स्मार्टफोन, एक कीपैड मोबाइल, सात पहचान पत्र और पांच बैंक पासबुक बरामद किया।

इस संबंध में मुफस्सिल थाना में कांड संख्या-588/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य फरार सदस्यों और चोरी का सामान खरीदने वाले सोनारों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story