बारिश के दौरान गिरी मिट्टी की दीवार, मलबे में दबने से 6 वर्षीय बच्ची की मौत, दादा घायल

WhatsApp Channel Join Now
बारिश के दौरान गिरी मिट्टी की दीवार, मलबे में दबने से 6 वर्षीय बच्ची की मौत, दादा घायल


भागलपुर, 02 सितंबर (हि.स.)। जिले के गोराडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत खजुडीह खरवा गांव में मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ देर रात हो रही तेज बारिश के बीच अचानक एक मिट्टी की दीवार भरभराकर गिर गई।

इस हादसे में दीवार के मलबे में दबने से 6 वर्षीय मासूम बच्ची पूजा कुमारी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके दादा दबकर घायल हो गए। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। बताया जा रहा है कि घटना रात के करीब दो बजे की है जब पूरा परिवार घर में सो रहा था। लगातार हो रही बारिश के कारण मिट्टी की दीवार अचानक कमजोर होकर ढह गई।

दीवार गिरते ही चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने आनन-फानन में मलबे को हटाकर नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। ग्रामीणों ने मलबे से 6 वर्षीय पूजा कुमारी और उसके दादा छोपाल पासवान को बाहर निकाला, लेकिन तब तक मासूम पूजा की सांसें थम चुकी थीं। वहीं हादसे में घायल दादा छोपाल पासवान को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही गोराडीह पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच में जुट गई है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को आपदा राहत के तहत मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story