जलालपुर में केंद्रीय विद्यालय खोलने के लिए सांसद सिग्रीवाल ने लोकसभा में उठाया मुद्दा

WhatsApp Channel Join Now

सारण, 10 अगस्त (हि.स.)। जलालपुर महाराजगंज संसदीय क्षेत्र के सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल ने लोकसभा में नियम 377 के अधीन जलालपुर प्रखंड में एक नया केंद्रीय विद्यालय स्थापित करने का महत्वपूर्ण मुद्दा सदन के पटल पर रखा।

सांसद कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सांसद सीग्रीवाल ने सदन को अवगत कराया कि सारण जिले के जलालपुर कोठेयाँ में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस की छठी वाहिनी का मुख्यालय स्थित है। इस परिसर में करीब 9 भवन खंडों में 10 कंपनियों के लगभग 1,000 अधिकारी एवं जवान कार्यरत हैं।

उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण और सुचारू शिक्षा व्यवस्था देने वाले विद्यालयों की कमी के कारण इन जवानों के बच्चों के सामने पठन-पाठन की गंभीर समस्या बनी हुई है। देश की सीमा पर तैनात इन वीर जवानों के बच्चों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए जलालपुर में एक केंद्रीय विद्यालय की स्थापना किया जाना अत्यंत आवश्यक है।

सांसद ने स्पष्ट किया कि जलालपुर में केंद्रीय विद्यालय खुलने से न केवल भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के जवानों के बच्चों को लाभ मिलेगा, बल्कि आसपास के दर्जनों गांवों में रहने वाले सैकड़ों अन्य केंद्रीय कर्मचारियों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त हो सकेगी।

उन्होंने अध्यक्ष के माध्यम से भारत सरकार के शिक्षा मंत्री से जलालपुर में शीघ्र केंद्रीय विद्यालय खोलने हेतु आवश्यक आदेश व निर्देश जारी करने का आग्रह किया।

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story