राजेंद्र कॉलेज में पूर्ववर्ती छात्र सम्मेलन का हुआ आयोजन सांसद सिग्रीवाल ने साझा की पुरानी यादें

WhatsApp Channel Join Now
राजेंद्र कॉलेज में पूर्ववर्ती छात्र सम्मेलन का हुआ आयोजन सांसद सिग्रीवाल ने साझा की पुरानी यादें


राजेंद्र कॉलेज में पूर्ववर्ती छात्र सम्मेलन का हुआ आयोजन सांसद सिग्रीवाल ने साझा की पुरानी यादें


राजेंद्र कॉलेज में पूर्ववर्ती छात्र सम्मेलन का हुआ आयोजन सांसद सिग्रीवाल ने साझा की पुरानी यादें


सारण, 11 जून (हि.स.)। राजेंद्र महाविद्यालय के परिसर में पूर्ववर्ती छात्र सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे महाराजगंज के सांसद और कॉलेज के पूर्व छात्र जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने अपने छात्र जीवन के दिनों को याद किया। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन की अनुभूतियों को मापने का दुनिया में कोई पैमाना नहीं है। कॉलेज के दिनों के अहसास को न तो तोलने का कोई तराजू है और न ही इसकी यादों को नापने का कोई मीटर।

अपने संबोधन में सांसद सिग्रीवाल ने राजेंद्र महाविद्यालय के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस संस्थान का अपना एक अनूठा इतिहास और प्रभाव रहा है। एक दौर था जब पूरे जिले और राज्य भर से छात्र यहाँ शिक्षा ग्रहण करने आते थे। उन्होंने पुरानी यादों को ताजा करते हुए बताया कि उनके समय के प्राचार्य और विभागाध्यक्षों का न केवल विश्वविद्यालय पर बल्कि पूरे राज्य के शिक्षा क्षेत्र में एक अलग दबदबा और सम्मान था। यहाँ के शिक्षक अपनी विद्वता के लिए दूर-दूर तक जाने जाते थे।

अपने छात्र राजनीति के दिनों को याद करते हुए उन्होंने बताया कि छात्र संघ के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने भी इसी परिसर में अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन किया था। उन्होंने अंत में संकल्प दोहराया कि यह संस्थान उनके आगे बढ़ने का माध्यम रहा है और इसके प्रति सदैव श्रद्धा का भाव रहेगा।

मीडिया से बातचीत में सांसद ने कहा जब हम स्कूल छोड़कर पहली बार कॉलेज की दहलीज पर आए थे, तो वह एक बिल्कुल अलग और अद्भुत अहसास था। आज इस परिसर में आकर मेरा वह बचपन और छात्र जीवन एक बार फिर पूरी तरह जीवंत हो उठा है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजेंद्र कॉलेज एल्युमनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष ज्ञानेश कुमार वर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षण संस्थानों के विकास में पूर्ववर्ती छात्र संगठन का महत्व काफी बढ़ गया है। कॉलेज के छात्र जब देश-दुनिया में ऊंचे पदों पर जाते हैं, तो उससे संस्थान की ब्रांडिंग होती है। इसके अलावा यूजीसी और नैक एक्रेडिटेशन के मूल्यांकन में भी इस संगठन की बेहद महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

उन्होंने बताया कि पूर्व प्राचार्य की पहल पर इस एसोसिएशन का निबंधन कराया गया था। विशेष बात यह है कि एसोसिएशन के अध्यक्ष ज्ञानेश कुमार वर्मा और सचिव राजीव रंजन शर्मा दोनों ही 1976 बैच के छात्र हैं और वर्ष 2026 इस बैच का गोल्डन जुबली ईयर 50वां वर्ष है। इसी ऐतिहासिक अवसर को ध्यान में रखते हुए पूरे उत्साह के साथ इस संगठन को सक्रिय किया गया है।

महाविद्यालय में भूतपूर्व छात्र संगठन की गतिविधियों को और गति देने के लिए परिसर में इसके नए कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया।

इसके साथ ही छात्रों की सुविधा के लिए एसोसिएशन की ओर से लगवाए गए एक वाटर कूलर का भी उद्घाटन किया गया।

सांसद सिग्रीवाल ने पूर्ववर्ती छात्रों के लिए एसोसिएशन के गठन और उसे कॉलेज परिसर में स्थान देने के लिए वर्तमान प्राचार्य और उनकी पूरी टीम की जमकर सराहना की। इस अवसर पर कॉलेज के वर्तमान शिक्षक, कर्मचारी और पूर्ववर्ती छात्र उपस्थित थे, जिन्होंने पुरानी यादों को ताजा किया और कॉलेज के विकास में योगदान देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सांसद के साथ एमएलसी कॉलेज के प्राचार्य, विभिन्न विभागों के प्रोफेसर सहित टीचिंग और नॉन-टीचिंग स्टाफ ने हिस्सा लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story