मढ़ौरा-छपरा-पटना मेमू ट्रेन के लिए सांसद राजीव प्रताप रुडी ने रेल मंत्री को लिखा पत्र

WhatsApp Channel Join Now
मढ़ौरा-छपरा-पटना मेमू ट्रेन के लिए सांसद राजीव प्रताप रुडी ने रेल मंत्री को लिखा पत्र


सारण, 27 जून (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सारण के सांसद राजीव प्रताप रुडी ने मढ़ौरा-छपरा-पटना के बीच नई मेमू रेल सेवा प्रारंभ कराने के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने मढ़ौरा से छपरा होते हुए पटना तक प्रतिदिन मेमू ट्रेन संचालित करने का अनुरोध किया है।

सांसद कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार केंद्रीय रेल मंत्री के साथ विशेष निरीक्षण ट्रेन से पटना, छपरा और मढ़ौरा की यात्रा के दौरान सांसद ने इस रेलखंड पर मेमू ट्रेन चलाने की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की थी। सांसद ने अपने पत्र में 19 जून 2026 को छपरा-आनंद विहार सुपरफास्ट एक्सप्रेस के उद्घाटन समारोह का भी विशेष रूप से उल्लेख किया है। उन्होंने बताया कि उस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने भी रेल मंत्री को इस सेवा की नितांत आवश्यकता से अवगत कराया था।

सांसद रुडी का कहना है कि मढ़ौरा-छपरा-पटना मेमू ट्रेन सेवा सारण की लंबे समय से चली आ रही एक बड़ी जनआकांक्षा है। इस सेवा के शुरू होने से सारण प्रमंडल की लगभग एक करोड़ आबादी, विशेषकर सारण जिले के लाखों विद्यार्थियों, कर्मचारियों, छोटे व्यवसायियों और प्रतिदिन पटना आने-जाने वाले दैनिक यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे न केवल सड़क मार्ग पर बढ़ते वाहनों के दबाव में कमी आएगी, बल्कि क्षेत्र के औद्योगिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास को भी एक नई गति मिलेगी।

उन्होंने रेल मंत्री से आग्रह किया है कि वे पूर्वोत्तर रेलवे एवं पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधकों को आपस में समन्वय स्थापित करने का निर्देश दें, ताकि यह मेमू ट्रेन प्रतिदिन सुबह मढ़ौरा से खुलकर छपरा होते हुए पटना पहुंचे और शाम को इसी मार्ग से वापस लौटे। सांसद ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही रेल विस्तार नीति के तहत सारण की यह मांग जल्द पूरी होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story