वाराणसी रेल मंडल की बैठक में सांसद रूडी उठाएंगे रेल सुविधाओं का मुद्दा

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी रेल मंडल की बैठक में सांसद रूडी उठाएंगे रेल सुविधाओं का मुद्दा


वाराणसी रेल मंडल की बैठक में सांसद रूडी उठाएंगे रेल सुविधाओं का मुद्दा


सारण, 01 जून (हि.स.)। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल की मंडलीय संसदीय समिति की बैठक आज वाराणसी में आयोजित होने जा रही है। इस बैठक में सारण के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी क्षेत्र की रेल व यात्री सुविधाओं से जुड़े कई बड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाएंगे। सांसद कार्यालय द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, बैठक का मुख्य उद्देश्य सारण क्षेत्र में लंबित रेल परियोजनाओं को गति देना है।

सांसद रूडी छपरा कचहरी स्टेशन पर कोरोना काल से बंद पड़ी मौर्य एक्सप्रेस, बाघ एक्सप्रेस और लिच्छवी एक्सप्रेस के ठहराव को फिर से बहाल करने की पुरजोर मांग करेंगे। इसके साथ ही, कामायनी एक्सप्रेस और बलिया-नई दिल्ली सुपरफास्ट ट्रेन का विस्तार छपरा तक करने तथा छपरा, सिवान व बलिया से पटना के लिए कार्यालय समय के अनुकूल नई डीएमयू/मेमू सेवा शुरू करने का प्रस्ताव भी रखा जाएगा।

बैठक में छपरा जंक्शन के समग्र विकास और पूर्व में प्रस्तावित करीब 450 करोड़ रुपये की री-मॉडलिंग योजना को आगे बढ़ाने पर विशेष चर्चा होगी। यात्री सुविधाओं को बेहतर करने के लिए प्लेटफॉर्म संख्या 6, 7 और 8 पर लिफ्ट, रैम्प, फुट ओवरब्रिज विस्तार तथा एसी लाउंज निर्माण की मांग की जाएगी। इसके अलावा, रिविलगंज-मुक्तिनाथ धाम मार्ग के पुनर्निर्माण, रेलवे भूमि संरक्षण, अतिक्रमण मुक्ति, व्यवस्थित पार्किंग, बहुमंजिला रेल आवास और स्टेशन सलाहकार समिति के गठन जैसे महत्वपूर्ण विषय भी एजेंडे में शामिल रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story