ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के लिए संसद में उठाई आवाज़

WhatsApp Channel Join Now
ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के लिए संसद में उठाई आवाज़


भागलपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल ने लोकसभा में अतारांकित प्रश्न संख्या 193 के माध्यम से भागलपुर और कहलगांव क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं धार्मिक धरोहरों के संरक्षण, जीर्णोद्धार और पर्यटन विकास का मुद्दा उठाया। सांसद ने मखदूम शाह का मक़बरा, बटेश्वर धाम, तीन पहाड़ी, नौगछिया का शंकर स्थान तथा नारायणपुर के ऐतिहासिक कुएँ के संरक्षण और इन स्थलों पर सड़क, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य पर्यटन सुविधाओं के विकास की जानकारी सरकार से मांगी।

केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि भागलपुर जिले में एएसआई के अधीन 4 केंद्रीय संरक्षित स्मारक हैं। इनमें कहलगांव की तीन पहाड़ी स्थित शैल मंदिर केंद्रीय संरक्षित स्मारक है, जबकि अन्य उल्लेखित स्थल वर्तमान में एएसआई के संरक्षण में नहीं हैं। इस पर सांसद अजय कुमार मंडल ने कहा कि भागलपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं विकास के लिए उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि इन स्थलों को पर्यटन सर्किट से जोड़ने तथा आवश्यक सुविधाओं के विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार से निरंतर पहल करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story