बायसी में परीक्षा केंद्र बनाए जाने पर सांसद जावेद ने जताई आपत्ति, कुलाधिपति को लिखा पत्र
किशनगंज, 12 नवंबर (हि.स.)। मारवाड़ी कॉलेज, किशनगंज के छात्र-छात्राओं का परीक्षा केंद्र पूर्णिया जिले के बायसी स्थित अनुमंडलीय डिग्री महाविद्यालय में निर्धारित किए जाने पर सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद ने आपत्ति जताई है।
उन्होंने बिहार के विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति एवं राज्यपाल को गुरुवार को पत्र लिखकर परीक्षार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्र किशनगंज जिला मुख्यालय अथवा उसके आसपास निर्धारित कराने की मांग की है।
सांसद ने अपने पत्र में कहा है कि मारवाड़ी कॉलेज, किशनगंज के विद्यार्थियों का परीक्षा केंद्र किशनगंज जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर बायसी में बनाया गया है। इतनी दूरी तय कर परीक्षा देने जाने में छात्र-छात्राओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से छात्राओं के लिए इतनी दूर स्थित परीक्षा केंद्र तक आवागमन करना सुरक्षा और सुविधा दोनों दृष्टिकोण से चुनौतीपूर्ण है।
उन्होंने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि परीक्षा अपराह्न पांच बजे समाप्त होती है। इसके बाद विद्यार्थियों को वापस अपने घर लौटने में काफी परेशानी होती है। दूरस्थ परीक्षा केंद्र होने के कारण उन्हें समय, यातायात और सुरक्षा संबंधी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है।
सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद ने कुलाधिपति से अनुरोध किया है कि विद्यार्थियों के व्यापक हित को देखते हुए पूर्णिया विश्वविद्यालय प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
उन्होंने मांग की है कि आगामी परीक्षाओं में मारवाड़ी कॉलेज के छात्र-छात्राओं का परीक्षा केंद्र किशनगंज जिला मुख्यालय अथवा उसके नजदीक स्थित किसी उपयुक्त महाविद्यालय में निर्धारित किया जाए। पत्र की प्रतिलिपि पूर्णिया विश्वविद्यालय के कुलपति को भी भेजी गई है।
सांसद की इस पहल से विद्यार्थियों और अभिभावकों को उम्मीद जगी है कि आगामी परीक्षाओं में उन्हें दूरस्थ परीक्षा केंद्र की परेशानी से राहत मिल सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

