सांसद की पहल रंग लाई, नई दिल्ली–सुपौल स्पेशल ट्रेन का परिचालन फिर शुरू

WhatsApp Channel Join Now
सांसद की पहल रंग लाई, नई दिल्ली–सुपौल स्पेशल ट्रेन का परिचालन फिर शुरू


सुपौल, 06 अगस्त (हि.स.)। लोकसभा में सांसद दिलेश्वर कामैत द्वारा नई दिल्ली–सुपौल स्पेशल ट्रेन के पुनः परिचालन की मांग उठाए जाने के बाद रेलवे ने गाड़ी संख्या 04072/04071 नई दिल्ली–सुपौल स्पेशल के दोबारा संचालन की अधिसूचना जारी कर दी है। सांसद दिलेश्वर कामैत ने बुधवार को लोकसभा में नियम 377 के तहत यह मुद्दा उठाते हुए ट्रेन का परिचालन तत्काल बहाल करने के साथ-साथ इसे नियमित ट्रेन के रूप में चलाने की मांग की थी।

उन्होंने कहा कि नेपाल सीमा से सटे बाढ़ प्रभावित एवं अतिपिछड़े कोसी क्षेत्र के विद्यार्थी, मरीज, नौकरीपेशा और व्यवसायी बड़ी संख्या में नई दिल्ली, प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ सहित अन्य शहरों की यात्रा करते हैं। पिछले तीन महीनों तक यह ट्रेन शत-प्रतिशत यात्री भार के साथ संचालित हुई, लेकिन 17 जुलाई के बाद इसकी अवधि नहीं बढ़ाए जाने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

रेलवे की अधिसूचना के अनुसार, गाड़ी संख्या 04072 नई दिल्ली–सुपौल स्पेशल का परिचालन 6 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक प्रतिदिन किया जाएगा। वहीं, गाड़ी संख्या 04071 सुपौल–नई दिल्ली स्पेशल 8 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन चलेगी। यह ट्रेन नई दिल्ली से चलकर गाजियाबाद, अलीगढ़, टुंडला, इटावा, प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर सिटी, छपरा, हाजीपुर, बरौनी, खगड़िया और सहरसा होते हुए सुपौल पहुंचेगी।

ट्रेन के पुनः परिचालन की घोषणा से कोसी क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है। रेल संघर्ष समिति, सुपौल के संयोजक पवन अग्रवाल, मयंक गुप्ता सहित अन्य लोगों ने सांसद दिलेश्वर कामैत एवं रेल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही उन्होंने इस ट्रेन को स्थायी रूप से नियमित सेवा के रूप में संचालित किए जाने की मांग भी दोहराई।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story