ग्रामीण विकास की योजनाओं में पारदर्शिता जरूरी, मनरेगा बनेगा गांवों के विकास का आधार : सांसद

WhatsApp Channel Join Now
ग्रामीण विकास की योजनाओं में पारदर्शिता जरूरी, मनरेगा बनेगा गांवों के विकास का आधार : सांसद


दरभंगा, 11 मई (हि.स.)।

ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास को लेकर केंद्र एवं बिहार सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पहुंचे, इसके लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।

यह बातें स्थानीय सांसद एवं लोकसभा में भाजपा सचेतक गोपाल जी ठाकुर ने सोमवार को बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार से मंत्रालय कक्ष में मुलाकात के बाद कही।

सांसद ने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग से संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा सहित अन्य योजनाओं में किसी भी प्रकार की लूट-खसोट या अनियमितता को सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी। ऐसे अधिकारियों एवं कर्मियों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दरभंगा जिले में ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं का शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा कराया जाएगा।

मुलाकात के दौरान सांसद ने मंत्री को मिथिला की परंपरा के अनुसार पाग एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बिहार की बड़ी आबादी गांवों में निवास करती है, इसलिए गरीब हितैषी योजनाओं का लाभ ग्रामीण जनता तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

सांसद ने योजना के दायरे को विस्तारित किए जाने के निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि अब ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ अन्य विकास कार्यों में भी इस योजना का बेहतर उपयोग संभव होगा। उन्होंने कहा कि पहले सीमित कार्यक्षेत्र होने के कारण समाज के सभी वर्गों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पाता था, लेकिन अब मनरेगा ग्रामीण विकास के लिए वरदान साबित होगा।

इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, जीविका योजना, किसान सम्मान निधि, विभिन्न पेंशन योजनाओं एवं आयुष्मान कार्ड योजना समेत कई विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। सांसद ने दरभंगा जिले में ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं में तेजी लाने का आग्रह भी मंत्री से किया।

सांसद ने ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार को अनुभवी राजनेता बताते हुए कहा कि उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव से विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में गति आएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story