मां श्यामा के दरबार में सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने की पूजा-अर्चना
दरभंगा, 29 नवंबर (हि.स.)।
दरभंगा के सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने रविवार को प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां श्यामा मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां भगवती के चरणों में माथा टेककर मिथिलावासियों सहित समस्त देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
दर्शन-पूजन के बाद सांसद मंदिर परिसर में आयोजित श्यामा नामधुन नवाह यज्ञ संकीर्तन में शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ मां श्यामा का नाम संकीर्तन भी किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मां श्यामा के दर्शन, पूजन एवं स्मरण से आध्यात्मिक शांति और आनंद की अनुभूति होती है। जीवन में आध्यात्मिक चेतना के विकास के लिए धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता महत्वपूर्ण है।
डॉ. ठाकुर ने कहा कि मां श्यामा का दरबार मिथिला की आस्था, विश्वास और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को अद्भुत शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराएं हमारी सभ्यता तथा सामाजिक एकता की मजबूत आधारशिला हैं। ऐसे आयोजन समाज में भक्ति, सद्भाव, संस्कार और समरसता को मजबूत करते हैं। उन्होंने मिथिला सहित पूरे देश में निरंतर विकास, खुशहाली एवं समृद्धि के लिए मां श्यामा से आशीर्वाद मांगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

