सांसद और विधायक ने किया छठ घाटों का निरीक्षण, व्यवस्था दुरुस्त करने का दिया निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
सांसद और विधायक ने किया छठ घाटों का निरीक्षण, व्यवस्था दुरुस्त करने का दिया निर्देश


किशनगंज, 11 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर किशनगंज नगर परिषद क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को किशनगंज के सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद एवं विधायक कमरुल होदा ने नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सांसद और विधायक ने घाटों पर मौजूद नगर परिषद के कर्मियों से तैयारियों की जानकारी ली। साथ ही जहां भी कमियां और अव्यवस्थाएं नजर आईं, उन्हें छठ पूजा से पहले दुरुस्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, स्वच्छता और सुरक्षा के इंतजाम समय रहते सुनिश्चित किए जाएं।

जनप्रतिनिधियों ने नगर परिषद कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी छठ घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं, ताकि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और शांतिपूर्ण माहौल में भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें। इस अवसर पर सांसद और विधायक ने कहा कि छठ बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। यह आस्था, पवित्रता, अनुशासन और सामाजिक एकता का संदेश देता है। इसलिए पर्व के दौरान बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराना प्रशासन और नगर परिषद की जिम्मेदारी है। निरीक्षण के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष सहित पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775332 Articles

Share this story