विक्रमशिला सेतु पर 29 अगस्त से वाहनों और पैदल यात्रियों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध, तीन महीने बंद रहेगा परिचालन
भागलपुर, 13 अगस्त (हि.स.)।विक्रमशिला सेतु से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। सेतु के जीर्णोद्धार कार्य को लेकर आगामी 28 अगस्त की रात से बैरिकेडिंग का काम शुरू कर दिया जाएगा। वहीं, 29 अगस्त की सुबह से पुल पर वाहनों के साथ-साथ पैदल यात्रियों की आवाजाही पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
विभाग ने काम की गंभीरता को देखते हुए मरम्मत कार्य 15 सितंबर के बजाय 28 अगस्त से ही शुरू करने का निर्णय लिया है।
पुल निर्माण निगम खगड़िया के वरीय परियोजना अभियंता शशिभूषण कुमार ने बताया कि मरम्मत के लिए जरूरी ट्रस ब्रिज और टूटे हिस्से का सुपर स्ट्रक्चर हरियाणा में तैयार किया जा रहा है, जो अगले सप्ताह तक भागलपुर पहुंच जाएगा। सितंबर के पहले हफ्ते में वर्तमान अस्थायी बेली ब्रिज को हटाकर 4 सुपर स्ट्रक्चर, एक्सपेंशन जॉइंट और बेयरिंग बदलने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सेतु पर करीब तीन महीनों तक परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। इससे अंग प्रदेश, कोसी और सीमांचल क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। आम जनता को राहत देने के लिए मजबूत वैकल्पिक व्यवस्था (रूट डायवर्जन और फेरी सेवा) तैयार की जा रही है। पथ निर्माण मंत्री, पटना मुख्यालय के वरीय अधिकारी और जिला प्रशासन संयुक्त बैठक कर जल्द ही रूट डायवर्जन की रूपरेखा फाइनल करेंगे। इसकी अग्रिम जानकारी आम जनता को दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि बीते 3 मई की रात विक्रमशिला सेतु के पिलर संख्या 4 और 5 के बीच का लगभग 34 मीटर लंबा स्लैब अचानक टूटकर गंगा नदी में गिर गया था। इसके बाद यातायात बहाल करने के लिए अस्थायी बेली ब्रिज बनाया गया था, जिससे आए दिन लंबा जाम लग रहा था। अब पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र और तकनीकी टीम के फैसले के बाद पुल के स्थायी सुदृढ़ीकरण का काम युद्ध स्तर पर शुरू होने जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

