बिहार–यूएई साझेदारी से फूड प्रोसेसिंग एवं निवेश को मिलेगा बढ़ावा

WhatsApp Channel Join Now
बिहार–यूएई साझेदारी से फूड प्रोसेसिंग एवं निवेश को मिलेगा बढ़ावा


-उद्योग विभाग, बिहार सरकार और एआईएम ग्लोबल फाउंडेशन के बीच हुआ एमओयू

पटना, 08 सितम्बर (हि.स.)। उद्योग विभाग, बिहार सरकार ने आज दुबई में आयोजित एनुअल इन्वेस्टमेंट मीटिंग कांग्रेस 2026 के दौरान एआईएम ग्लोबल फाउंडेशन के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) का आदान-प्रदान किया। इस समझौते का उद्देश्य बिहार में एक समर्पित फूड प्रोसेसिंग पार्क को बढ़ावा देना है, जिसमें यूएई से निवेश को आधार बनाया जाएगा।

इस अवसर पर बिहार सरकार की उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। समझौता ज्ञापन पर बिहार सरकार के उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार और एआईएम ग्लोबल फाउंडेशन के प्रेसिडेंट एचआई दाऊद अल-शेजावी ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर बिहार सरकार के उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता भी उपस्थित रहे।

एमओयू के तहत एआईएम ग्लोबल फाउंडेशन और बिहार उद्योग विभाग मिलकर एक एकीकृत कृषि-खाद्य एवं फूड प्रोसेसिंग क्लस्टर विकसित करने की दिशा में कार्य करेंगे। इसके लिए यूएई एवं व्यापक खाड़ी क्षेत्र की कंपनियों, संस्थानों और निवेशकों से निवेश आकर्षित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य बिहार की कृषि क्षमता का लाभ उठाते हुए राज्य को खाड़ी देशों की खाद्य आपूर्ति श्रृंखला के लिए एक प्रमुख सोर्सिंग एवं प्रोसेसिंग हब के रूप में स्थापित करना है।

इस मौके पर मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा, “एआईएम ग्लोबल फाउंडेशन के साथ यह साझेदारी बिहार को एक पसंदीदा निवेश गंतव्य बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यूएई के निवेश से विकसित होने वाला समर्पित फूड प्रोसेसिंग पार्क हमारे किसानों और उद्योगों को वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं से जुड़ने में मदद करेगा। यह माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के बिहार में औद्योगिक विकास को गति देने के विजन को भी प्रतिबिंबित करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story