स्कॉर्पियो पेड़ से टकराई, मां-बेटी की मौत

WhatsApp Channel Join Now
स्कॉर्पियो पेड़ से टकराई, मां-बेटी की मौत


स्कॉर्पियो पेड़ से टकराई, मां-बेटी की मौत


सीवान, 29 मई (हि.स.)। सीवान जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र के गांधी आश्रम के समीप शुक्रवार की सुबह एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।

मृतकों की पहचान भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के हिलसड़ गांव निवासी आफताब आलम की 65 वर्षीय पत्नी हाजरा खातून तथा उनकी 20 वर्षीय पुत्री सफीना खातून के रूप में हुई है। वहीं घायलों में आफताब आलम का 28 वर्षीय पुत्र तारिक अनवर, गांव के गफ्फार अंसारी का 29 वर्षीय पुत्र आजाद अंसारी तथा स्कॉर्पियो चालक ब्रह्मस्थान निवासी पप्पू चौरसिया शामिल हैं।

बताया जाता है कि हाजरा खातून की तबीयत खराब थी। परिजन उन्हें इलाज के लिए स्कॉर्पियो से सीवान सदर अस्पताल लेकर जा रहे थे। इसी दौरान बसंतपुर स्थित गांधी आश्रम के समीप वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही बसंतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल बसंतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के दौरान हाजरा खातून और उनकी पुत्री सफीना खातून को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को फोन पर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।

घटना का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि मृतका सफीना खातून की शादी अगले महीने जून में होने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और परिजन बेटी के हाथों में मेहंदी रचाने के सपने संजोए हुए थे। लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। गांव में जैसे ही सफीना की मौत की खबर पहुंची, माहौल गमगीन हो गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story