बच्चों की रक्षा के लिए सांप से भिड़ी कौवे की मां

WhatsApp Channel Join Now
बच्चों की रक्षा के लिए सांप से भिड़ी कौवे की मां


भागलपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। जिले के सबौर प्रखंड अंतर्गत चंधेरी मिर्जापुर गांव में प्रकृति का एक अनोखा और भावुक दृश्य देखने को मिला। ग्रामीणों के अनुसार, एक कौवे की मां ने अपने घोंसले में मौजूद बच्चों पर मंडरा रहे खतरे को देखते ही सांप पर हमला बोल दिया।

इस दृश्य को देखकर आसपास मौजूद लोग भी कुछ देर के लिए ठिठक गए। बताया जाता है कि एक सांप बिजली की पोल पर बने घोंसले की ओर बढ़ रहा था। जैसे ही कौवे की मां की नजर सांप पर पड़ी, वह बिना अपनी जान की परवाह किए लगातार उस पर चोंच और पंखों से हमला करने लगी।

कौवे की आवाज सुनकर आसपास के अन्य पक्षी भी शोर मचाने लगे, जिससे सांप कुछ देर के लिए रुक गया। ग्रामीणों का कहना है कि कौवे की मां बार-बार सांप पर झपट्टा मारती रही और अपने बच्चों को बचाने की हर संभव कोशिश करती रही। शोर-शराबा बढ़ने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद सांप बिजली की पोल से नीचे उतर गया।

इस दौरान घोंसले में मौजूद बच्चे सुरक्षित बताए गए। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि मां चाहे इंसान की हो या किसी पक्षी की, अपने बच्चों की रक्षा के लिए वह हर खतरे का सामना करने का साहस रखती है। गांव में इस घटना की काफी चर्चा रही और कई लोगों ने इसे अपने मोबाइल फोन में भी कैद करने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने इसे प्रकृति के अद्भुत और प्रेरणादायक दृश्यों में से एक बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story