नदी में डूबने से मां-बेटे की मौत, गांव में पसरा मातम
किशनगंज, 25 जून (हि.स.)। सदर प्रखंड के मोतिहारा तालुका पंचायत अंतर्गत पानीसाल गांव में गुरुवार को नदी में डूबने से मां-बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतकों की पहचान पानीसाल गांव निवासी 29 वर्षीय मीना देवी और उनके 10 वर्षीय पुत्र विश्वजीत राय के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मीना देवी गुरुवार को नदी किनारे कपड़े धो रही थीं। इसी दौरान उनका पुत्र विश्वजीत राय भी वहां पहुंच गया और नदी के किनारे पानी में खड़ा हो गया। अचानक उसका पैर फिसल गया, जिससे वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। बेटे को बचाने के लिए मीना देवी तुरंत नदी में कूद पड़ीं, लेकिन वह भी गहरे पानी की चपेट में आ गईं। देखते ही देखते मां और बेटा दोनों नदी में डूब गए। घटना को देखकर वहां से गुजर रहे लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
स्थानीय लोगों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर सदर अंचल के अंचलाधिकारी राहुल कुमार तथा सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कई घंटों की खोजबीन के बाद मां-बेटे के शव नदी से बाहर निकाले गए।
अंचलाधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकारी प्रावधानों के तहत मृतकों के परिजनों को सहायता राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में मातम का माहौल व्याप्त है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

