बक्सर में 02 से 06 सितंबर तक बारिश के आसार, किसानों को फसलों की निगरानी की सलाह

WhatsApp Channel Join Now

बक्सर, 01 सितंबर (हि.स.)। कृषि विज्ञान केंद्र, बक्सर की ओर से भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के आधार पर जिले के किसानों के लिए आगामी 02 से 06 सितंबर तक का मौसम पूर्वानुमान जारी किया गया है। पूर्वानुमान के अनुसार इस अवधि में बारिश की संभावना बनी रहेगी। 02 सितंबर को करीब 65 मिमी बारिश होने का अनुमान है, जबकि 03 सितंबर को 12 मिमी, 04 सितंबर को 12 मिमी तथा 05 और 06 सितंबर को करीब 8-8 मिमी बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम के दौरान अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। वहीं हवा की गति पहले दो दिनों में करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटा तथा बाद के दिनों में लगभग 10 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है।

कृषि विज्ञान केंद्र ने मौसम पूर्वानुमान को देखते हुए किसानों को फसलों की नियमित निगरानी करने की सलाह दी है। किसानों से कहा गया है कि धान के खेतों में समय पर निराई-गुड़ाई करें तथा इसके बाद करीब 20-30 किलोग्राम नाइट्रोजन प्रति हेक्टेयर की दर से उर्वरीकरण करें। वहीं मक्का की फसल में तना छेदक कीट के प्रकोप पर विशेष नजर रखने को कहा गया है।

कृषि विशेषज्ञों के अनुसार प्रभावित पौधों की मध्य कलिका सूखकर मुरझा जाती है और पत्तियां आसानी से निकलने लगती हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर कृषि विज्ञान केंद्र की सलाह के अनुसार कार्बोफ्यूरान 3 जी का निर्धारित मात्रा में प्रयोग करने की सलाह दी गई है।

केंद्र ने किसानों से मौसम में होने वाले बदलाव को ध्यान में रखते हुए खेतों में जल निकासी और फसलों की नियमित निगरानी पर विशेष ध्यान देने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Share this story