बाल अधिकारों के प्रति प्रभात फेरी व जागरूकता अभियान कार्यक्रम आयोजित
सहरसा, 12 जून (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय बाल श्रम निषेध उन्मूलन एवं बाल अधिकारों के प्रति जन-जागरूकता के लिए शुक्रवार को जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। वही प्रभात फेरी निकाल जागरूकता अभियान चलाया गया। यह प्रभात फेरी आईटीआई कालेज से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न चौक चौराहे से होकर गुजरी। इसक साथ ही बाल श्रम उन्मूलन को लेकर शपथ ग्रहण कराया गया।
इस अवसर पर श्रम अधीक्षक, सहरसा, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, कहरा, नवहट्टा तथा श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सोनवर्षा,पतरघट, सौर बाजार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
कार्यक्रम में स्वयंसेवी संस्थाओं कोशी लोक मंच सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।इस अवसर पर श्रम अधीक्षक संतोष झा ने कहा कि बाल श्रम समाज के लिए एक गंभीर चुनौती है तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास में बाधक है। प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षित बचपन का अधिकार प्राप्त है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि बाल श्रम की रोकथाम हेतु प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी बच्चे को श्रम में संलग्न पाए जाने पर संबंधित विभाग अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को सूचित करें।
उन्होंने कहा कि बाल श्रम के विरुद्ध अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता है। समाज के सभी वर्गों के सहयोग से ही बच्चों के अधिकारों की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
जागरूकता वाहन जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में भ्रमण कर बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 के प्रावधानों, बच्चों के अधिकारों तथा शिक्षा के महत्व के संबंध में आम लोगों को जागरूक करेगा। वाहन के माध्यम से प्रचार सामग्री, ऑडियो संदेश एवं सूचना पत्रकों का वितरण भी किया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी पदाधिकारियों, कर्मियों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने बाल श्रम मुक्त सहरसा के निर्माण तथा प्रत्येक बच्चे को शिक्षा एवं सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने हेतु सामूहिक संकल्प लिया। बाल श्रम उन्मूलन एवं प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, स्वस्थ एवं शिक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

