सारण में 20 केंद्रों पर कल 9 हजार से अधिक परीक्षार्थी देंगे अधिनायक अनुदेशक परीक्षा

WhatsApp Channel Join Now

सारण, 28 जुलाई (हि.स.)। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा बिहार गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग में अधिनायक अनुदेशक के पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक लिखित परीक्षा 29 जुलाई को आयोजित की जाएगी। सारण जिले के 20 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा एक पाली में सुबह 11:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक संपन्न होगी। परीक्षा में कुल 9,288 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

परीक्षा को स्वच्छ, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने प्रेक्षागृह में संयुक्त ब्रीफिंग की। जिलाधिकारी ने बताया कि अभ्यर्थियों के लिए रिपोर्टिंग का समय सुबह 09:30 बजे निर्धारित है, जबकि सुबह 10:30 बजे के बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों का प्रवेश ई-प्रवेश पत्र और फोटो पहचान पत्र की जांच के बाद ही संभव होगा।

पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट, फोटोग्राफी और जैमर की व्यवस्था की गई है। मोबाइल, ब्लूटूथ, पेजर, या अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने बताया कि विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी, जोनल दंडाधिकारी और 1-4 सशस्त्र पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।

सभी अधिकारी परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पूर्व अपना स्थान ग्रहण करेंगे।

अनुमंडल अधिकारी सदर, छपरा को केंद्रों के 500 गज के दायरे में धारा 163 लागू करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा, सदर अनुमंडल कार्यालय में एक जिला नियंत्रण कक्ष बनाया गया है, जो परीक्षा के दिन सुबह 07:30 बजे से अपराह्न 03:00 बजे तक सक्रिय रहेगा। इसका दूरभाष नंबर 06152-242444 है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story