भाजपा के जिला कोषाध्यक्ष अश्विनी जोशी 'मोन्टी' लोजपा (रामविलास) में शामिल
भागलपुर, 16 नवंबर (हि.स.)।
जिले की स्थानीय राजनीति में सोमवार को एक बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिला है।
भारतीय जनता पार्टी के जिला कोषाध्यक्ष और भागलपुर नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति के सदस्य अश्विनी जोशी 'मोन्टी' ने भाजपा का दामन छोड़कर चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की सदस्यता ग्रहण कर ली है।
पटना स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक मिलन समारोह के दौरान लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक ने उन्हें अपने समर्थकों के साथ विधिवत रूप से पार्टी की सदस्यता दिलाई। मिलन समारोह के दौरान खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा, बिहार सरकार के पीएचईडी मंत्री संजय सिंह, गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान, विधायक बाबूलाल शौर्य, नाथनगर के विधायक मिथुन यादव और पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता यामिनी मिश्रा सहित कई वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सभी नेताओं ने मोन्टी के पार्टी में आने का स्वागत किया और इसे भागलपुर क्षेत्र में संगठन की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। सदस्यता ग्रहण करने के बाद अश्विनी जोशी 'मोन्टी' ने कहा कि वे चिराग पासवान के 'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' के विजन से काफी प्रभावित हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे लोजपा (रामविलास) के माध्यम से एनडीए को और अधिक मजबूत करने और संगठन को नई ऊंचाई देने के लिए काम करेंगे।
अश्विनी जोशी 'मोन्टी' का पार्टी छोड़ना भागलपुर नगर और जिला भाजपा के लिए सांगठनिक दृष्टिकोण से एक बड़ा झटका माना जा रहा है। वे वर्तमान में भागलपुर नगर निगम के वार्ड संख्या-38 से पार्षद और सशक्त स्थायी समिति के सदस्य हैं। इससे पहले वे भाजपा के जिला प्रवक्ता और जिला कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला महामंत्री और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भी रह चुके हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

