मानसून से पहले अलर्ट, तेज हुआ कटाव-रोधी अभियान

WhatsApp Channel Join Now
मानसून से पहले अलर्ट, तेज हुआ कटाव-रोधी अभियान


कटिहार, 06 मई (हि.स.)। आगामी मानसून को देखते हुए जिला प्रशासन ने नदी कटाव पर पूरी सतर्कता बढ़ा दी है। वर्षों से कटाव झेल रहे कुर्सेला प्रखंड के खेरिया गांव में युद्धस्तर पर कटाव-रोधी कार्य जारी है। इस कार्य के तहत खेरिया घाट पर जियो पैकिंग के जरिए नदी के बहाव को नियंत्रित किया जा रहा है ताकि इस बार गांव को सुरक्षित रखा जा सके।

बुधवार को डीएम आशुतोष द्विवेदी के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने खेरिया घाट पहुंचकर कार्य का जायजा लिया। डीएम ने एजेंसियों को सख्त निर्देश दिया कि काम में ढिलाई न हो और तय समयसीमा में पूरा किया जाए।

नाव परिचालन पर सख्ती: डीएम ने सुरक्षा को लेकर स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में ओवरलोडिंग की अनुमति नहीं होगी। केवल अधिकृत घाटों से ही नावों का संचालन होगा। नियमों के पालन के लिए मजिस्ट्रेट की तैनाती भी की गई है। टीम ने आसपास के घाटों का भी निरीक्षण किया ताकि संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।

पंचायत शिविरों से सीधी पहुंच: इसी दौरान प्रशासन ने पूर्वी मुरादपुर और उत्तरी मुरादपुर पंचायतों में लगे सरकारी शिविरों का भी निरीक्षण किया। इन शिविरों के माध्यम से राशन कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और अन्य योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। मौके पर मिले आवेदनों का त्वरित निष्पादन किया गया।

स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि हर साल कटाव से भारी नुकसान होता था, लेकिन इस बार प्रशासन की सक्रियता से राहत की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों ने मांग की कि कार्य समय पर पूरा कर गांव को स्थायी सुरक्षा दी जाए। प्रशासन की मौजूदगी से जमीनी स्तर पर काम में तेजी देखी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story