सीवान में बंदरों को आम खिलाना पड़ा भारी, नई दीवार गिरी; तीन सगे भाई-बहन गंभीर घायल

WhatsApp Channel Join Now
सीवान में बंदरों को आम खिलाना पड़ा भारी, नई दीवार गिरी; तीन सगे भाई-बहन गंभीर घायल


सीवान, 27 मई (हि.स.)।

सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के लकड़ी दरगाह गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। घर के बाहर खेल रहे तीन मासूम भाई-बहन उस वक्त गंभीर रूप से घायल हो गए, जब बंदरों के झुंड के दबाव से हाल ही में बनी नई दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। घायल बच्चों की पहचान हरेराम साह के पुत्र सन्नी कुमार, रोहित कुमार तथा पुत्री राधा कुमारी के रूप में हुई है। तीनों को आनन-फानन में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है।

परिजनों के अनुसार गांव में इन दिनों बंदरों का आतंक बढ़ गया है।

बुधवार को भी बड़ी संख्या में बंदर गांव में पहुंचे थे। बच्चे घर के पास बंदरों को आम खिला रहे थे। इसी दौरान हाल ही में बनाई गई करीब पांच इंच मोटी नई दीवार पर कई बंदर एक साथ बैठ गए और वहीं आम खाने लगे। बंदरों के अधिक वजन और दबाव के कारण दीवार अचानक ढह गई।

दीवार गिरते ही उसके पास मौजूद तीनों बच्चे मलबे में दब गए। बच्चों की चीख सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और परिजनों ने तुरंत मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला और निजी वाहन से सदर अस्पताल पहुंचाया।

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बंदरों के बढ़ते आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। वहीं चिकित्सकों ने बताया कि तीनों बच्चों का इलाज जारी है और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story