बाढ़ से निपटने को प्रशासन सतर्क,हो रही निगरानी

WhatsApp Channel Join Now
बाढ़ से निपटने को प्रशासन सतर्क,हो रही निगरानी


पूर्णिया, 06 जुलाई (हि.स.)।

जिले में संभावित बाढ़, कटाव और आपदा से बचाव को लेकर जिला प्रशासन लगातार सतर्कता बरत रहा है। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों का भौतिक निरीक्षण कर बाढ़ सुरक्षात्मक तथा कटाव निरोधात्मक कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी पूर्णिया प्रणव कुमार द्वारा बायसी अनुमंडल क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षात्मक एवं कटाव निरोधक कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने बायसी अनुमंडल के विभिन्न प्रभावित एवं संवेदनशील इलाकों का दौरा कर जलस्तर की स्थिति, कटाव की संभावना तथा सुरक्षा कार्यों का जायजा लिया। जलस्तर के उतार-चढ़ाव और संभावित खतरे को देखते हुए अत्यधिक संवेदनशील स्थलों पर 24 घंटे मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

बाढ़ नियंत्रण से जुड़ी आवश्यक सामग्रियों जैसे जियो बैग, बांस क्रेट आदि का पर्याप्त स्टॉक रखने का भी निर्देश दिया गया, जिससे आवश्यकता पड़ने पर त्वरित राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके। निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों से भी संवाद किया गया और धरातल पर आ रही समस्याओं की जानकारी ली गई, ताकि सुरक्षात्मक उपायों को और मजबूत बनाया जा सके।

सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी प्रणव कुमार ने बताया कि जिला आपातकालीन संचालन केंद्र 24×7 सक्रिय है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या या आपात स्थिति की सूचना दूरभाष संख्या 06454-242317, 06454-242319 एवं 06454-242320 पर दें, ताकि आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समय पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह

Share this story