मोदी के 12 साल बेमिसाल अभियान के तहत विधायक विजय खेमका ने किया कृषि महाविद्यालय का दौरा

WhatsApp Channel Join Now
मोदी के 12 साल बेमिसाल अभियान के तहत विधायक विजय खेमका ने किया कृषि महाविद्यालय का दौरा


पूर्णिया, 12 जून (हि.स.)।

भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल बेमिसाल – विश्वास, विकास और जनकल्याण अभियान के अंतर्गत विधायक विजय खेमका ने शुक्रवार को विभिन्न स्थलों का दौरा कर विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा आम लोगों से संवाद स्थापित किया।

इस क्रम में विधायक ने पूर्णिया सिटी स्थित भोला पासवान शास्त्री कृषि महाविद्यालय का भ्रमण किया। वहां महाविद्यालय के प्राचार्य, प्रोफेसरों एवं अनुसंधानकर्ताओं के साथ उन्होंने मखाना, मत्स्य पालन तथा अन्य कृषि फसलों से संबंधित अनुसंधान परियोजनाओं का अवलोकन किया। कृषि वैज्ञानिकों ने उन्हें आधुनिक बीज उत्पादन, मत्स्य बीज संवर्धन, मखाना की उन्नत किस्मों तथा मसाला फसलों पर चल रहे नवीन अनुसंधानों की विस्तृत जानकारी दी। विधायक ने कहा कि कृषि अनुसंधान किसानों की आय बढ़ाने और क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

इसके उपरांत विधायक विजय खेमका ने मां पूरण देवी मंदिर परिसर पहुंचकर पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित किए जा रहे लगभग 34 करोड़ रुपये की लागत वाली विकास योजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व तथा 12 साल बेमिसाल जनसेवा अभियान की निरंतर सफलता एवं देश की उन्नति के लिए प्रार्थना की।

विधायक ने पूर्णिया जंक्शन रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल यात्रियों, श्रमिकों एवं रेलवे कर्मियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। स्टेशन मास्टर, आरपीएफ एवं सीआरपीएफ अधिकारियों, कर्मचारियों तथा सफाईकर्मियों के साथ मिलकर उन्होंने स्वच्छता अभियान चलाया तथा वृक्षारोपण कर स्वच्छ भारत अभियान एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

उन्होंने बताया कि 14 जून से अस्थायी रूप से चलने वाली राजधानी एक्सप्रेस के स्थायी परिचालन तथा वंदे भारत एक्सप्रेस की समय-सारिणी में आवश्यक परिवर्तन को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री से पत्राचार किया गया है।

इसके बाद बेलौरी कुशवाहा टोला एवं बेगमबाद साह टोला में आयोजित संवाद कार्यक्रम में विधायक ने किसानों एवं आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

कार्यक्रम के समापन पर विधायक गुलाबबाग स्थित गायत्री मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की तथा श्रद्धालुओं के साथ एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह

Share this story