‘राष्ट्रसेवा और समर्पण की मिसाल हैं नरेंद्र मोदी’—कटिहार में जुटे दिग्गज, विकसित भारत के निर्माण का लिया संकल्प
कटिहार, 07 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत बुधवार को कटिहार के मिर्चाईबाड़ी स्थित हनुमान मंदिर चौक पर भव्य ‘विकसित भारत संकल्प सभा सह सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी की उपस्थिति में हजारों कार्यकर्ताओं ने विकसित भारत के निर्माण और जनसेवा का संकल्प दोहराया।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा से राष्ट्रसेवा की यात्रा सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण की प्रेरणादायी मिसाल है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि जनभागीदारी के माध्यम से इस सेवा यात्रा को और व्यापक बनाते हुए विकसित भारत के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने में हर नागरिक अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे।
कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुआ, जिसके बाद विशाल एलईडी स्क्रीन के माध्यम से उपस्थित जनसमूह ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ओजस्वी संबोधन का सजीव प्रसारण सुना।
सभा के पश्चात सेवा ज्योति मशाल प्रज्वलित कर भव्य पदयात्रा निकाली गई, जो नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए अंबेडकर चौक पहुंचकर संपन्न हुई। इसके उपरांत मिर्चाईबाड़ी चौक पर सेवा ज्योति मशाल स्थापित की गई और इस स्थल को ‘सेवा ज्योति चौक’ के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया गया।
आयोजन की कड़ी में हरिशंकर नायक स्कूल परिसर में ‘सेवा के रंग’ कार्यक्रम के तहत मनमोहक रंगोली सजाई गई और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, आत्मनिर्भर भारत तथा स्थानीय उत्पादों से संबंधित प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए, जिनका अतिथियों व स्कूली बच्चों ने अवलोकन किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि सेवा और समर्पण की यह ज्योति निरंतर प्रज्वलित रहे और विकसित भारत के संकल्प को नई गति मिले, यही पार्टी का ध्येय है। इस ऐतिहासिक आयोजन में पूर्व उपमुख्यमंत्री सह सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद, प्राणपुर विधायक निशा सिंह, कोढ़ा विधायक कविता पासवान, जिला प्रभारी प्रफुल्ल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, मातृशक्ति एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

