कटिहार रेल मंडल के सात प्रमुख स्टेशनों पर बनेंगे आधुनिक ‘पार्सल केज’

WhatsApp Channel Join Now
कटिहार रेल मंडल के सात प्रमुख स्टेशनों पर बनेंगे आधुनिक ‘पार्सल केज’


कटिहार, 25 सितंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने स्टेशनों एवं टर्मिनलों पर पार्सल हैंडलिंग को अधिक सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से आधुनिक ‘पार्सल केज’ बनाने की महत्वाकांक्षी योजना शुरू की है। इस व्यवस्था के तहत कटिहार रेल मंडल के सात महत्वपूर्ण स्टेशनों का चयन किया गया है, जिससे पार्सल भेजने वाले ग्राहकों और आम यात्रियों के सामान की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।

इन स्टेशनों पर मिलेगी सुविधा, चार पर काम शुरू

योजना के तहत कटिहार मंडल के कटिहार, किशनगंज, न्यू जलपाईगुड़ी, सिलीगुड़ी, हल्दीबाड़ी, मालदा कोर्ट और बालुरघाट स्टेशनों पर पार्सल केज स्थापित किए जा रहे हैं। वर्तमान में कटिहार, न्यू जलपाईगुड़ी, मालदा कोर्ट और बालुरघाट में केज निर्माण का कार्य प्रगति पर है, जबकि शेष तीन स्टेशनों—किशनगंज, सिलीगुड़ी और हल्दीबाड़ी में भी शीघ्र ही कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।

चोरी और नुकसान से मिलेगा स्थायी समाधान

स्टेशनों पर पार्सल और कंसाइनमेंट को अस्थायी रूप से रखने के लिए अब तक तय शेड या सुरक्षित जगह की कमी रहती थी। पार्सल केज बनने से डिस्पैच या हैंडलिंग प्रक्रिया पूरी होने तक सामान एक सुरक्षित और निर्दिष्ट स्टोरेज में रखा जा सकेगा। इससे कंसाइनमेंट के बारिश में भीगने, टूटने-फूटने, खोने अथवा चोरी होने का खतरा पूरी तरह समाप्त हो जाएगा।

स्टेशन प्रबंधन और हैंडलिंग होगी सुगम

प्लेटफॉर्मों और सर्कुलेटिंग एरिया में पार्सल के खुले में न रहने से स्टेशन परिसर का बेहतर उपयोग होगा और यात्रियों की आवाजाही भी बाधा रहित रहेगी। साथ ही रेलकर्मियों को पार्सल की सटीक छंटाई व सुरक्षित लोडिंग-अनलोडिंग में आसानी होगी।

ग्राहकों का बढ़ेगा भरोसा: सीपीआरओ

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि पार्सल हैंडलिंग की सुरक्षा और व्यवस्था मजबूत होने से रेलवे की पार्सल सेवाओं पर व्यापारियों और उपभोक्ताओं का विश्वास बढ़ेगा, जिससे पार्सल परिवहन और अधिक विश्वसनीय व सुगम बनेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story