आधुनिक भारत के निर्माता थे पंडित जवाहरलाल नेहरू : अनुपम

WhatsApp Channel Join Now
आधुनिक भारत के निर्माता थे पंडित जवाहरलाल नेहरू : अनुपम


सुपौल, 14 नवंबर (हि.स.)। जिला कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 137वीं जयंती बाल दिवस के रूप में मनाई गई।

इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह सुपौल जिलाध्यक्ष अनुपम ने पंडित नेहरू को आधुनिक भारत का निर्माता बताते हुए कहा कि वे भारत ही नहीं, बल्कि विश्व के महान लोकतांत्रिक नेताओं और संस्थान निर्माताओं में शुमार थे।

उन्होंने कहा कि बच्चों के प्रिय चाचा नेहरू की जयंती देशभर में बाल दिवस के रूप में मनाई जाती है। नेहरू का संपूर्ण जीवन त्याग, संघर्ष, दूरदर्शिता और राष्ट्र निर्माण का प्रतीक रहा है। एक समृद्ध जीवन को छोड़कर उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में हिस्सा लिया और देश को आजादी दिलाने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

अनुपम ने कहा कि आजादी के बाद भारत छुआछूत, गरीबी, निरक्षरता और सांप्रदायिकता जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा था। ऐसे कठिन दौर में नेहरू ने देश को नई दिशा देने के साथ नागरिकों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उनकी दूरदृष्टि से देश में आधारभूत संरचनाओं और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूत नींव पड़ी। पंचशील के सिद्धांत और पंचवर्षीय योजनाओं के माध्यम से उन्होंने भारत के विकास का खाका तैयार किया।

उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर जब दुनिया अमेरिका और रूस के खेमों में बंटी हुई थी, उस समय नेहरू ने गुटनिरपेक्ष आंदोलन के जरिए भारतीय विदेश नीति को स्वतंत्र पहचान दिलाई और अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की संप्रभुता एवं प्रतिष्ठा स्थापित की। राजनीतिक रूप से भी वे समावेशी सोच के पक्षधर थे। यही कारण था कि आजादी के बाद देश के पहले मंत्रिमंडल में उन्होंने राजनीतिक विरोधियों को भी स्थान दिया।

अनुपम ने कहा कि वर्तमान समय की चुनौतियों का सामना करने के लिए भी पंडित नेहरू के विचारों, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण की भावना से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम को वरिष्ठ कांग्रेस नेता नरेश कुमार मिश्र, महिला कॉलेज के पूर्व प्राचार्य प्रो. निखिलेश कुमार सिंह, अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष अबुल कैश, प्रखंड प्रभारी शाहिद खां, अनुशासन समिति के सदस्य प्रेमनाथ झा एवं युवा नेता लालन भगत ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रखंड अध्यक्ष अमित झा ने किया।

मौके पर मिन्नत रहमानी, कांग्रेस नेता संजीव कुमार सिंह, उस्मान आजाद, मुज्जमिल हुसैन, सत्येंद्र कुमार चुनचुन, मोहम्मद सैफ अली, ललित यादव, सुरेंद्र पांडेय, मोहम्मद इनायत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776991 Articles

Share this story