कहलगांव में एनटीपीसी मॉडल थाना के नए भवन का उद्घाटन, आईजी ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
कहलगांव में एनटीपीसी मॉडल थाना के नए भवन का उद्घाटन, आईजी ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश


भागलपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। जिले के कहलगांव स्थित मॉडल थाना एनटीपीसी के नवनिर्मित भवन का गुरुवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। इस आधुनिक भवन का उद्घाटन पूर्वी क्षेत्र (भागलपुर) के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) द्वारा फीता काटकर किया गया। इस विशेष अवसर पर भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सहित पुलिस विभाग के कई वरीय पदाधिकारी और पुलिसकर्मी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

उद्घाटन समारोह के बाद पुलिस महानिरीक्षक ने नवनिर्मित थाना भवन का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में उपलब्ध विभिन्न आधुनिक सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस आधुनिक सुविधाओं से लैस नए भवन का मुख्य उद्देश्य पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को एक बेहतर और अनुकूल कार्य वातावरण प्रदान करना है, ताकि वे अपनी ड्यूटी को और अधिक प्रभावी ढंग से पूरा कर सकें।

निरीक्षण के दौरान आईजी ने थाना परिसर की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने मौके पर उपस्थित पुलिसकर्मियों को पूरी कर्तव्यनिष्ठा, कड़े अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ काम करने की सीख दी।

साथ ही उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित और संवेदनशील तरीके से समाधान किया जाए। समारोह को संबोधित करते हुए एसएसपी ने थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने की बात कही।

उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने और आम नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय व संवाद स्थापित करने का निर्देश दिया। पुलिस प्रशासन के अनुसार, इस नवनिर्मित मॉडल थाना भवन के सुचारू संचालन से पूरे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, पुलिस गश्ती और जनसुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही, स्थानीय आम लोगों को थाना स्तर पर मिलने वाली पुलिस सेवाओं का लाभ अब और अधिक सुगमता व आसानी से मिल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story