वाहन जांच के दौरान अवैध हथियार के साथ दो गिरफ्तार : एसपी

WhatsApp Channel Join Now
वाहन जांच के दौरान अवैध हथियार के साथ दो गिरफ्तार : एसपी


सीवान, 05 जून (हि.स.)। जिले के दरौंदा थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने अवैध आग्नेयास्त्र बरामद करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने बताया कि 4 जून 2026 को दरौंदा थाना पुलिस टीम द्वारा बेहतर विधि-व्यवस्था संधारण एवं अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से गांवहीं रोड पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक को रोककर पूछताछ की गई। युवक की पहचान सारण जिले के मकेर थाना क्षेत्र निवासी अक्षत कुमार के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके मोबाइल फोन की गैलरी में हथियार के साथ खिंचवाई गई तस्वीरें मिलीं। पूछताछ में उसने बताया कि उक्त हथियार उसके मित्र संदीप कुमार गुलेरिया, निवासी पिपरा, थाना-दरौंदा के पास है, जिसे एक विवाह भवन में छिपाकर रखा गया है।

एसपी ने बताया कि सूचना मिलते ही दरौंदा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध स्थल पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान एक देशी कट्टा बरामद किया गया तथा मौके से संदीप कुमार गुलेरिया को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुरन कुमार झा ने बताया कि इस मामले में दरौंदा थाना में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी) ए, 26 एवं 35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने दोनों के पास से

एक देशी कट्टा, एक खोखा, एक चाकू, एक प्लास्टिक का पिस्तौल, एक मोटरसाइकिल एवं एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

एसपी ने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story