जयप्रकाश विश्वविद्यालय में कुलपति पर फेंका गया मोबिल, जांच में जुटी पुलिस
सारण, 09 जून (हि.स.)। जयप्रकाश विश्वविद्यालय परिसर में मंगलवार को उस समय अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर परमेंद्र बाजपेई के कार्यालय पहुंचते ही लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर अभिवादन के समय कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा काला मोबिल फेंकने का मामला सामने आया।
इस घटना की जानकारी मिलते ही पूरे विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया और परिसर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। आए दिन विश्वविद्यालय में छात्रों, शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों द्वारा अपनी अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर विश्वविद्यालय में गतिरोध उत्पन्न होती रहती हैं।
घटनाक्रम की संवेदनशीलता को देखते हुए मुफस्सिल थाना पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर छानबीन शुरू किया। विश्वविद्यालय द्वारा पुलिस को इस पूरे मामले की जानकारी दी गई है, जिसके आधार पर मुफस्सिल थाना की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। घटना की पुष्टि करते हुए जयप्रकाश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रेमेंद्र कुमार बाजपेई ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा प्राथमिक दर्ज कराने की प्रक्रियाएं की जा रही है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मुफस्सिल थाना प्रभारी ने बताया कि कुलपति पर विश्वविद्यालय परिसर में की प्रतिमा के पास काला तरल पदार्थ फेंके जाने की एक सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि इस हरकत को अंजाम देने वाले अज्ञात तत्वों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पड़ताल की प्रक्रिया तेजी से चल रही है और जल्द ही दोषियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल परिसर में स्थिति नियंत्रण में है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

