कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिले के 11 मतदान केन्द्रों पर स्नातक निर्वाचन का हुआ मतदान

WhatsApp Channel Join Now
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिले के 11 मतदान केन्द्रों पर स्नातक निर्वाचन का हुआ मतदान


अररिया 23 अक्टूबर(हि.स.)।

कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार को जिले के ग्यारह मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान हुआ। 47 फीसदी से अधिक स्नातक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

जिले के सभी नौ प्रखंड मुख्यालय के साथ अररिया सदर और फारबिसगंज अनुमंडल कार्यालय में मतदान केन्द्र बनाया गया था।सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान हुआ।

मतदान को लेकर स्नातक मतदाताओं में उत्साह देखा गया और दिनभर बारी से मतदान केन्द्र पर पहुंचकर मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।सभी मतदान केंद्रों पर मतदानकर्मियों के साथ माइक्रो आब्जर्वर की तैनाती की गई थी।

इसके अलावा वरीय अधिकारियों का उड़न दस्ता टीम सभी मतदान केंद्रों पर मतदान की प्रक्रिया की जायजा लेते गए।सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह अररिया डीएम विनोद दूहन और एसपी जितेन्द्र कुमार ने अररिया अनुमंडल कार्यालय, अररिया अंचल कार्यालय, फारबिसगंज अनुमंडल कार्यालय, फारबिसगंज अंचल कार्यालय, नरपतगंज अंचल कार्यालय, भरगामा अंचल कार्यालय सहित अन्य मतदान केन्द्रों का जायजा लिया।

अररिया जिला में कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के कुल 9,167 मतदाताओं में पुरुष मतदाता 7208 और महिला मतदाता 1959 हैं।

कोसी स्नातक चुनाव में कुल 15 उम्मीदवार चुनावी मैदान में रहे।चुनाव को लेकर मतदान केंद्रों के बाहर विभिन्न राजनीतिक दलों के द्वारा शिविर लगाकर मतदाताओं को पर्ची देते देखा गया।

जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, नरपतगंज अंचल कार्यालय में 48.10 फीसदी, फारबिसगंज अंचल कार्यालय में 40.43 फीसदी, फारबिसगंज अनुमंडल कार्यालय में 44.03 फीसदी, भरगामा अंचल कार्यालय में 49.54 फीसदी, रानीगंज अंचल कार्यालय में 53.74 फीसदी, अररिया अनुमंडल कार्यालय में 43.66 फीसदी, अररिया अंचल कार्यालय में 41.34 फीसदी, कुर्साकांटा अंचल कार्यालय में 48.65 फीसदी, सिकटी अंचल कार्यालय में 60.19 फीसदी, पलासी अंचल कार्यालय में 59.62 फीसदी और जोकीहाट अंचल कार्यालय मतदान केंद्र पर 49.88 फीसदी मतदान हुआ। जिले में कुल 50.90 फीसदी पुरुष और 36.59 फीसदी महिला मतदाताओं ने कुल 47.83 फीसदी मतदान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765731 Articles

Share this story