एमएलसी चुनाव को लेकर बढ़ी सियासी हलचल, पीरपैंती की युवा मुखिया गुलफ्सा परवीन जदयू में शामिल

WhatsApp Channel Join Now

भागलपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)।

कोसी विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव को लेकर भागलपुर जिले में राजनीतिक सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। एक तरफ जहां एनडीए गठबंधन अपनी एकजुटता प्रदर्शित करते हुए चुनावी मैदान में पूरी ताकत झोंक रहा है, वहीं दूसरी तरफ जमीनी स्तर के युवा चेहरों के जुड़ने से सत्ताधारी खेमा लगातार मजबूत हो रहा है।

इसी क्रम में पीरपैंती प्रखंड की सबसे युवा मुखिया गुलफ्सा परवीन ने आज पटना में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कर ली। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास कार्यों और महिला सशक्तिकरण की नीतियों से प्रेरित होकर पार्टी में शामिल होने का फैसला लिया। गुलफ्सा परवीन के जदयू में आने से पीरपैंती और आसपास के क्षेत्रों में पार्टी की जमीनी पकड़ और मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।

दूसरी ओर, नवरात्र के पावन अवसर पर आयोजित फलाहार कार्यक्रम के दौरान एनडीए के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक मंच पर आकर चुनावी एकजुटता का शंखनाद किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित भाजपा नेता रोहित पांडे ने कोसी सीट से एनडीए के आधिकारिक प्रत्याशी डॉ. एनके यादव के पक्ष में माहौल तैयार करते हुए अपना प्रचार अभियान तेज कर दिया है। नेताओं ने दावा किया कि एनडीए घटक दल पूरी मजबूती के साथ इस चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763454 Articles

Share this story