गैर सरकारी विधेयक एवं संकल्प समिति के अध्यक्ष बने विधान पार्षद अशोक यादव, कार्यकर्ताओं ने किया

WhatsApp Channel Join Now
गैर सरकारी विधेयक एवं संकल्प समिति के अध्यक्ष बने विधान पार्षद अशोक यादव, कार्यकर्ताओं ने किया


नवादा, 19 जुलाई (हि.स.)। नवादा से विधान पार्षद सदस्य अशोक यादव को बिहार विधान परिषद की गैर सरकारी विधेयक एवं संकल्प समिति का अध्यक्ष मनोनीत किए जाने पर उनके समर्थकों और क्षेत्र के युवाओं में खुशी का माहौल है। रविवार को नवादा स्थित उनके आवास पर आयोजित एक संक्षिप्त सम्मान समारोह में कार्यकर्ताओं ने उन्हें बुके, अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी।

इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि अशोक यादव नई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करते हुए जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से बिहार विधान परिषद में उठाएंगे। उन्होंने कहा कि अशोक यादव हमेशा क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता देते रहे हैं और अब समिति के अध्यक्ष के रूप में उनकी भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।

सम्मान समारोह के दौरान अशोक यादव ने सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समिति के अध्यक्ष के रूप में उनकी जिम्मेदारी गैर सरकारी सदस्यों द्वारा प्रस्तुत विधेयकों की समीक्षा करना, गैर सरकारी संकल्पों पर विचार करना तथा उन विधेयकों और संकल्पों के संबंध में बिहार विधान परिषद को अपनी अनुशंसाएं देना है। उन्होंने कहा कि वे इस दायित्व का पूरी निष्पक्षता और गंभीरता के साथ निर्वहन करेंगे।

उन्होंने कहा कि समिति के माध्यम से जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता दी जाएगी तथा जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी क्षेत्र की समस्याओं और जनसरोकार के मुद्दों को लगातार उनके समक्ष रखने की अपील की, ताकि उन्हें उचित मंच पर उठाया जा सके।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित युवाओं और कार्यकर्ताओं ने अशोक यादव के उज्ज्वल कार्यकाल की कामना करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में समिति जनहित से जुड़े विषयों पर प्रभावी पहल करेगी और लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

Share this story