उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय रामनगर का विधायक रामविलास कामत ने किया औचक निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय रामनगर का विधायक रामविलास कामत ने किया औचक निरीक्षण


सुपौल, 17 जुलाई (हि.स.)। जिले के पिपरा प्रखंड स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, रामनगर का स्थानीय विधायक एवं बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के सचेतक रामविलास कामत ने शुक्रवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं और शिक्षण कार्यों का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में विधायक ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था और शिक्षकों की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। साथ ही विद्यालय परिसर, शौचालय, पेयजल, पुस्तकालय और खेल मैदान का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रधानाध्यापक को विद्यालय में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने, विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा गुणवत्तापूर्ण एवं अनुशासित शिक्षण व्यवस्था संचालित करने का निर्देश दिया।

विधायक रामविलास कामत ने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का आधार है। इसलिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

निरीक्षण के बाद विधायक ने विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक में भी भाग लिया। बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, छात्र-छात्राओं के नामांकन में वृद्धि, विद्यालय के समग्र विकास तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक कार्यों में तत्परता बरतने के निर्देश दिए।इस दौरान विधायक ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें अनुशासन, परिश्रम और समर्पण के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता का सबसे प्रभावी माध्यम है और प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। निरीक्षण के समय जदयू पिपरा प्रखंड अध्यक्ष उपेंद्र मंडल, प्रखंड उपाध्यक्ष उद्यानंद विश्वास, पूर्व प्रमुख रणधीर सिंह, विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण तथा विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story